मंदली जनमंच कार्यक्रम सात अक्तूबर को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। प्रदेश सरकार ने आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनमंच की शुरूआत की है। इसके माध्यम से जहां लोगों की समस्याओं का उनके घर-द्वार निपटारा सुनिश्चित हुआ है तो वहीं सरकार के एक मंत्री की उपस्थिति में जिला के तमाम बड़े अधिकारियों के माध्यम से जन समस्याओं को निवारण किया जा रहा है।
इसी कड़ी में जिला ऊना का पांचवां जनमंच सात अक्तूबर को सुबह 10 बजे कुटलैहड़ विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंदली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में होगा। इस जनमंच की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर करेंगे। जनमंच के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को खंड विकास कार्यालय परिसर बंगाणा में विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर विशेष तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनमंच से आम लोगों की समस्याओं का घर द्वार पर जल्द और बेहतर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारी और उनके कार्यालय में प्राप्त हो रही समस्याओं का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार ने जन कल्याण के लिए बजट में 30 नई योजनाओं की शुरूआत की है, जिनमें जनमंच भी शामिल है।
बैठक में उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि जन मंच को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ कार्य करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को ग्रामीण स्तर पर लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक करने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाएगी। इस दिशा में किसी भी तरह की कोताही को गंभीरता से लिया जाएगा।
इन पंचायतों की होगी भागीदारी
उपायुक्त ने बताया कि सात अक्तूबर को जनमंच कुटलैहड़ क्षेत्र की 14 पंचायतों के लिए होगा। इसमें थानाकलां, छपरोह, टीहरा, बल्ह, बुढवार, मंदली, रायपुर, परोईयां कलां, चंगर, बोहरू, थडा, डीहर, मोमन्यार तथा पलाहटा पंचायतें शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को गृहणी सुविधा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन-धन योजना, बेटी है अनमोल योजना, राशन कार्डों का डिजिटाइजेशन, भावी माताओं का पंजीकरण एवं प्रतिरक्षण तथा सभी घरों में शौचालय के इस्तेमाल को लेकर संबंधित 14 पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया ताकि छूटे हुए पात्र लोगों को सरकार की इन योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जन मंच में रोजगार, स्थानांतरण, न्यायालय में चल रहे मामलों, नई योजनाओं की मांग इत्यादि को नहीं सुना जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जन मंच पूर्व प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित बनाने तथा ई-समाधान में अपलोड करने के निर्देश दिए।
कंवर ने प्रचार वाहन को दिखाई झंडी
एसडीएम बंगाणा संजीव कुमार ने बैठक का संचालन किया तथा जन मंच के बारे में अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर उपायुक्त एवं एसडीएम के अतिरिक्त पीओ डीआरडीए राजेंद्र गौतम, डीएफएससी राजीव शर्मा, तहसीलदार शमशे सिंह, बीडीओ सोनू गोयल सहित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक के बाद ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बीडीओ कार्यालय परिसर से जन मंच प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जन मंच को कुटलैहड विधानसभा क्षेत्र विशेषकर चिह्नित 14 पंचायतों में लोगों को जागरूक करेगा। इस दौरान उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।