Una Double Murder Case: गमगीन माहौल में पिता-पुत्र को अंतिम विदाई, बीच सड़क खड़ी हैं गाड़ियां; लोग बोले...
ऊना जिले के भदसाली में बीते सोमवार को हुए गोलीकांड के बाद मंगलवार देर रात पिता-पुत्र के शव लोअर भदसाली स्थित उनके आवास पर पहुंचाए। सेना में तैनात रविंद्र का बड़ा भाई मंगलवार को घर पहुंचा और बुधवार को अंतिम संस्कार की सारी औपचारिकताएं निभाईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भदसाली गांव में बीते सोमवार को हुए गोलीकांड के बाद मंगलवार देर रात पिता-पुत्र के शव लोअर भदसाली स्थित उनके आवास पर पहुंचाए। शव पहुंचते ही हर तरफ चीख पुकार मच गई। पूरा गांव इस बात से स्तब्ध है कि इतनी बड़ी व दुखदाई घटना उनके गांव में कैसे घट गई। मात्र जमीन के एक टुकड़े की लड़ाई ने कैसे पिता-पुत्र की जान ले ली। मृतक रविंद्र कुमार की छोटी दोनों बच्चियों को अंदाजा तक नहीं है कि उनके सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं, रविंद्र की पत्नी की आंखों से आंसू तक सूख गए हैं। कोई समझ नहीं पा रहा कि अचानक परिवार की खुशियां मातम में कैसे बदल सकती हैं। सेना में तैनात रविंद्र का बड़ा भाई मंगलवार को घर पहुंचा और बुधवार को अंतिम संस्कार की सारी औपचारिकताएं निभाईं।
इस दौरान रविंद्र की बड़ी बेटी ने भी पिता की अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्मों को अपने ताया के साथ पूरा किया। बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पिता संजीव कुमार व पुत्र रविंद्र कुमार उर्फ रिंकू का अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। गांव में हुई इतनी बड़ी घटना का अफसोस हर गांववासी के चेहरे पर साफ दिखाई दिया। लोग कहते नजर आए कि जमीन की लड़ाई तो हर घर में होती है। इस तरह किसी पर गोली चलाना कोई बहादुरी का काम नहीं है। लोगों ने कहा कि आरोपी वकील देशदीप जसवाल ने निहत्थे रविंद्र व उसके पिता पर गोली चलाकर कोई बहादुरी नहीं कायरता दिखाई। उसने संजीव कुमार और उसके बेटे की हत्या कर उनका परिवार तो उजाड़ दिया लेकिन उसका अपना परिवार भी कहीं का नहीं रहा। परिवार के पांच लोग गिरफ्तार हैं। उनके लिए यह गुनाह भुगतना मुश्किल होगा।
बीच सड़क खड़ी हैं पिता-पुत्र की दोनों गाड़ियां
भदसाली गांव के बीच से गुजरने वाले सड़क मार्ग पर वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के पास बुधवार को भी मृतक पिता-पुत्र की गाड़ियां जस की तस खड़ी हैं। पुलिस जांच में सबूतों को ध्यान में रखते हुए अभी गाड़ियों से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई। जहां गोलियां चलाई गईं, उस पूरे क्षेत्र को सील रखा गया है और पुलिस का 24 घंटे पहरा है। लोग स्कूल के खेल मैदान से होकर आवाजाही कर रहे हैं।
सोमवार को जमीन विवाद में लड़ाई झगड़े के बाद पंडोगा पुलिस चौकी जा रहे रविंद्र कुमार रिंकू निवासी लोअर भदसाली की गाड़ी पर दूसरे पक्ष से देशदीप जसवाल ने 315 बोर की राइफल से गोलीबारी कर दी। पहली गोली रविंद्र कुमार के सीने पर लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि दूसरी उसकी गाड़ी में लगी। आरोपी से तीसरी गोली रविंद्र के साथ गाड़ी में बैठे युवक जसविंद्र सिंह पर चलाई। जसविंद्र ने भागकर जान बचाई और रविंद्र के पिता संजीव कुमार को इसकी सूचना फोन पर दी। इसके बाद घटनास्थल पर गाड़ी से पहुंचे संजीव कुमार पर भी आरोपी देशदीप से गोली चलाई, जो उनके पेट में लगी। जिससे उनकी भी मौत हो गई।
भदसाली में हुई गोलीबारी की घटना में आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ चल रही है। मामले में फॉरेंसिक से लेकर बैलिस्टिक जांच टीम ने सुबूत जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है- राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक ऊना।