Una Anshika Murder Case: आरोपी प्रवेश कुमार की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और रस्सी बरामद, जानें
Una Anshika Murder Case: जिला ऊना की पंचायत बैरियां में हुए बहुचर्चित अंशिका हत्याकांड में घटना में इस्तेमाल चाकू और रस्सी बरामद कर लिए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
उपमंडल बंगाणा की पंचायत बैरियां में हुए बहुचर्चित अंशिका हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या आरोपी प्रवेश कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मर्डर वेपन दोनों चाकू और रस्सी बरामद कर लिए हैं। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि मामले में पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें।
आरोपी ने चाकू से गला काटने का प्रयास किया
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी प्रवेश ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि सबसे पहले उसने अंशिका का गला रस्सी से दबाकर हत्या की कोशिश की। आरोपी को लगा कि अंशिका की मौत हो गई है, लेकिन थोड़ी देर बाद वह होश में आ गई। इसके बाद आरोपी ने पास रखे चाकू से अंशिका का गला काटने का प्रयास किया, लेकिन वार पूरी तरह सफल नहीं हुआ। फिर उसने अपने साथ लाए दूसरे चाकू से गला काटकर वारदात को अंजाम दिया। फिर बाइक से पेट्रोल निकाल कर शव को आग के हवाले कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर लौटते समय भिंडला के पास घने जंगल में हथियार और रस्सी फेंक कर चला गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ले जाकर तलाशी ली और झाड़ियों से करीब 300 मीटर अंदर जाकर हथियार व रस्सी बरामद कर लिए। गौरतलब है कि अंशिका और आरोपी प्रवेश कुमार की पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बावजूद 24 सितंबर को दोनों की दोबारा शादी तय थी। शादी से एक दिन पहले यानी 23 सितंबर को अंशिका का शव घर से मात्र 500 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
आरोपी प्रवेश बोला- हत्या की वजह शादी व पैसों का दबाव
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतका की माता सुरेंद्रा देवी के बयान पर आरोपी प्रवेश और उसके चाचा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पहले आरोपी के चाचा को हिरासत में लिया और फिर मुख्य आरोपी प्रवेश कुमार को जम्मू से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान प्रवेश ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और हत्या की वजह शादी व पैसों का दबाव बताया।
पुलिस की जांच के दौरान इससे पहले घटनास्थल से अंशिका का क्षतिग्रस्त मोबाइल, टूटी हुई सिम और चार टुकड़ों में बंटा फोन भी बरामद हो चुका है। अब आरोपी की निशानदेही पर रस्सी और दोनों चाकुओं की बरामदगी से मामले की जांच और मजबूत हो गई है। एएसपी सुरिंदर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि इस केस में हर एंगल से जांच की जारी है।