Sports News: बेटियां कबड्डी के फाइनल में, तीसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने से एक कदम दूर
गोल्ड से एक कदम दूर प्रदेश की बेटियों का रविवार को फाइनल में हरियाणा से सामना होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देहरादून में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों में शनिवार को महिला कबड्डी मुकाबले में हिमाचल की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ राजस्थान को बाहर किया, बल्कि लगातार तीसरी बार फाइनल में भी प्रवेश किया।
गोल्ड से एक कदम दूर प्रदेश की बेटियों का रविवार को फाइनल में हरियाणा से सामना होगा। शनिवार को दोपहर बाद हिमाचल-राजस्थान के बीच सेमीफाइनल शुरू हुआ। हिमाचल से कप्तान पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर, साक्षी शर्मा और भावना समेत अन्य खिलाड़ियों ने बेहतर खेल दिखाते हुए राजस्थान को चित कर दिया और मुकाबला 38-20 अंकों के अंतर से जीत लिया।
राजस्थान को बाहर कर फाइनल में पहुंचीं प्रदेश की बेटियां अब रविवार को गोल्ड जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। हिमाचल महिला टीम कोच डॉ. गोपाल दास्टा और प्रदेश कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष कुलदीप राणा ने बताया कि बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अब टीम राष्ट्रीय चैंपियन बनने से बस सिर्फ एक कदम दूर है। बेटियों ने अभी तक एक भी मुकाबला नहीं हारा है, इससे सभी के हौसले बुलंद हैं और पूरी उम्मीद है कि वह खिताब अपने नाम करने में कामयाब होंगी।
फाइनल में हरियाणा से दूसरी बार होगा सामना
कबड्डी के खिताबी मैच में हिमाचल और हरियाणा की महिला टीमें दूसरी बार आमने सामने होंगी। वर्ष 2023 में गोवा में हुए 37वें राष्ट्रीय खेलों में भी हिमाचल और हरियाणा के बीच खिताब के लिए मुकाबला हुआ था। इसमें हिमाचल ने हरियाणा को 32-23 से हराया था।
हिमाचल ने वर्ष 2022 में पहली बार जीता था गोल्ड
हिमाचल की बेटियों ने वर्ष 2022 में गुजरात में हुए 36वें राष्ट्रीय खेलों में कबड्डी में पहली बार गोल्ड अपने नाम किया था। गुजरात में हिमाचल ने महाराष्ट्र को 27-22 के अंतर से हराया था। उसके बाद 37वें राष्ट्रीय खेलों में भी गोल्ड जीता और अब तीसरी बार गोल्ड से एक कदम दूर हैं।
वुशू में मधु और दिव्या ने दिलाए कांस्य पदक
राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल ने वुशू में दो कांस्य पदक जीते हैं। वुशू संघ के महासचिव पीएन आजाद ने बताया कि मधु ने सांसू इवेंट के 70 किलो भार वर्ग में हिमाचल को पहला कांस्य दिलाया। इसके अलावा दिव्या राणा ने तालू के क्यांशू में कांस्य पदक जीता है।