सोलन। शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित ऑटो रिक्शा स्टैंड पर मंगलवार को अचानक एक पेड़ गिर गया। जिस कारण इसकी कुछ शाखाएं वहां खड़े ऑटो रिक्शा पर गिर गई। इस कारण तीन ऑटो रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ऑटो में बैठी कुछ सवारियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। गनमीत यह रही कि टूटे हुए पेड़ की टहनियां ही ऑटो रिक्शाओं पर गिरी, पूरा पेड़ गिर जाता तो भारी जानमाल का नुकसान हो सकता था।
शूलिनी ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने बताया कि कई बार जिला प्रशासन और नगर निगम को इन पेड़ों को हटाने के लिए प्रार्थना पत्र भी दिए, लेकिन उस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। आज जब पेड़ ऑटो रिक्शाओं पर गिर गया, तब नगर निगम एकदम हरकत में आया। इससे पहले ही यदि नगर निगम फुर्ती दिखाता तो यह हादसा न होता। उधर, नगर निगम कि संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रियंका चंद्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर टीम भेज दी गई थी। कुछ ही घंटों में नगर निगम और सेना के अधिकारियों ने आपस में तालमेल बिठाकर ऑटो स्टैंड से गिरे हुए पेड़ को हटवा दिया है।