कसौली में गवर्नमेंट आईटीआई इंप्लाइज एसोसिएशन का दो दिवसीय चतुर्थ त्रिवार्षिक सम्मेलन संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ऑल इंडिया यूनाइटेड फेडरेशन ऑफ गवर्नमेंट आईटीआई इंप्लाइज एसोसिएशन का दो दिवसीय चतुर्थ त्रिवार्षिक सम्मेलन कसौली के एक निजी होटल में आयोजित हुआ। देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए और आईटीआई कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय एमके अग्रवाल की स्मृति में मौन रखकर की गई। सम्मेलन की अध्यक्षता मेजर विजय कुमार ने की, जबकि पूर्व प्रधानाचार्य बृजलाल (हरियाणा) मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यातिथि ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। सम्मेलन में आगामी तीन वर्षों के रोडमैप पर मंथन किया गया। इसमें एक देश, एक पदनाम लागू करना, अनुदेशक एवं वर्ग अनुदेशक के वेतन का आठवें वेतन आयोग के अनुरूप उन्नयन, सभी राज्यों में समान सेवा नियम लागू करना, पदोन्नति में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, और आईटीआई कर्मचारियों के वेतन उन्नयन हेतु आठवें वेतन आयोग को प्रतिवेदन भेजना जैसे मुद्दों पर सहमति बनी। मुख्यातिथि ने कहा कि आईटीआई कर्मचारी देश के कौशल विकास की मजबूत नींव हैं और उनकी समस्याओं का समाधान संगठन की एकजुटता से ही संभव है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मेजर विनय कुमार ने कर्मचारियों के अधिकारों, वेतन विसंगतियों और सेवा शर्तों में सुधार के लिए संघर्ष जारी रखने का भरोसा दिलाया। सम्मेलन में अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि भी शामिल रहे।