अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने दी सौगात, कलहारण में महिला मंडल भवन को किया महिलाओं को समर्पित
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की सरकार है और उनके अधिकारों व कल्याण की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। अवस्थी सोमवार को ग्राम पंचायत घनागुघाट के कलहारण में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अवस्थी ने इससे पूर्व 14 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट के परीक्षा भवन और 3.50 लाख रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में नवनिर्मित मंच, 9.60 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित दो मंजिला महिला मंडल भवन कलाहरण, 3.50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित महिला मंडल भवन घनागुघाट और तीन लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित महिला मंडल भवन ताल का लोकार्पण किया। विधायक ने महिला मंडल भवन कलहारण के निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए एक लाख रुपये, महिला मंडल को 11 हजार रुपये, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट के स्कूल परिसर मैदान में रेलिंग लगाने के लिए 50 हजार रुपये, सुरक्षा दीवार के लिए 50 हजार रुपये, विद्यालय के प्रांगण में टाइल्स लगाने के लिए दो लाख रुपये और महिला मंडल कुनी के भवन निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने घणागुघाट-छिब्बर संपर्क मार्ग का टेंडर और कलाहरण सड़क को शीघ्र पक्का करने का आश्वासन भी दिया। विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनीं और इनके शीघ्र निपटारे के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला विपणन एवं उपभोक्ता संघ के निदेशक सुरेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत घनागुघाट की प्रधान मधुबाला, ग्राम पंचायत घनागुघाट के उपप्रधान प्रवीण, वरिष्ठ कांग्रेसी सतीश कश्यप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता कृष्णकांत चौहान, बाघल लैंड लूजर समिति के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर उपस्थित रहे।