नौणी में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स प्रवेश शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नौणी के रोवर्स एवं रेंजर्स यूनिट की ओर से विश्वविद्यालय परिसर में तीन दिवसीय प्रवेश परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना और स्काउटिंग कौशल का विकास करना था। शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने ध्वजारोहण के साथ किया। प्रथम दिन प्रतिभागियों ने पंडाह गांव का भ्रमण किया और वहां स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इसके अलावा उन्होंने नाइट हाइक का अनुभव प्राप्त किया और सायंकालीन कैंप फायर कार्यक्रम में विभिन्न पेट्रोल दलों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई, जिससे माहौल उत्साह और आनंद से भर गया। द्वितीय दिन की शुरुआत बीपी-6 व्यायाम से हुई। इसके बाद परीक्षण सत्र, योग एवं ध्यान शिविर, नशामुक्ति जागरूकता रैली और व्यक्तित्व विकास सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान सोलन के एसीएफ प्रदीप कुमार ने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक परिहार ने प्राथमिक उपचार और सीपीआर प्रशिक्षण भी दिया। प्रतिभागियों ने बैकवुड्स कुकिंग गतिविधि के माध्यम से सीमित संसाधनों में भोजन तैयार करने की कला भी सीखी।