हिमाचल में हादसा: चलती कार पर भरभराकर गिरी भारी चट्टान; पिता की मौत, पत्नी और बेटा घायल
शिमला-बिलासपुर एनएच-205 पर भराड़ीघाट के दसेरन में मंगलवार को पहाड़ी से भारी चट्टान चलती कार पर गिर गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हुए। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को दाड़लाघाट से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक राहत एवं बचाव कार्य चला और मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
विस्तार
शिमला-मंडी एनएच-205 पर पर दसेरन (छैता) के समीप मंगलवार को पहाड़ी से अचानक एक भारी-भरकम चट्टान सड़क पर गिरने से एक कार इसकी चपेट में आ गई। जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला व युवक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही वेगनार कार एचपी-52ए-7197 चट्टान की चपेट में आ गई। हादसे में कार सवार 63 वर्षीय अनिल बक्शी पुत्र राम शरण बक्शी, निवासी छोटा शिमला की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी बिजेश्वरी बक्शी(58) पत्नी अनिल बक्शी और करण बक्शी (27) पुत्र अनिल बक्शी घायल हुए हैं। चट्टान के नीचे आने से कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें मशक्कत से जेसीबी और एक्सकेवेटर मशीनों घायलों को बाहर निकाला गया।
दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्की भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में घायलों को फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। जबकि मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। हादसे में मृतक अनिल बक्शी की मौत के बाद उनके शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया गया है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और सड़क खुलवाकर यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।