Himachal Tourism: बर्फबारी से हिमाचल में पर्यटन कारोबार को लगे पंख, यहां सबसे अधिक बुकिंग; जानें विस्तार से
नए साल के जश्न के बाद बर्फबारी से लगातार सैलानियों के हिमाचल पहुंचने का क्रम जारी है। वहीं, 26 जनवरी की छुट्टी के लिए सैलानियों ने एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बर्फबारी से हिमाचल में पर्यटन कारोबार में उछाल आया है। नए साल के जश्न के बाद बर्फबारी से लगातार सैलानियों के हिमाचल पहुंचने का क्रम जारी है। वीरवार को हुई बर्फबारी के बाद आगामी दिनों में भी हिमपात का पूर्वानुमान है। 26 जनवरी की छुट्टी के लिए सैलानियों ने एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी के अलावा किन्नौर और लाहौल-स्पीति के लिए सैलानी अधिक दिलचस्पी दिखा रहे हैं। बर्फबारी के बाद इस वीकेंड पर भी भारी संख्या में सैलानियों के हिमाचल का रुख करने की उम्मीद है।
बर्फबारी के बाद प्रदेश में सैलानियों की संख्या बढ़ने से पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी शिमला के कुफरी, नारकंडा, कुल्लू के मनाली, चंबा के डलहौजी सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं। होटलों में कमरों की बुकिंग में तेजी आई है। टूअर पैकेज बुक होने से ट्रैवल एजेंटों का कारोबार बढ़ा है। पर्यटन नगरी मनाली सहित जिला के पर्यटन स्थलों पर हुई ताजा बर्फबारी से पर्यटन कारोबारी गदगद हैं। वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है। 20 से 24 जनवरी तक चलने वाले विंटर कार्निवल मनाली से पहले हुई बर्फबारी में सैलानी खूब मस्ती कर सकेंगे।
वीरवार को मनाली व इसके आसपास हुई ताजा बर्फबारी से सैलानियों को सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को सोलंगनाला तक भेजा गया। उधर बर्फबारी के बाद मनाली-लेह मार्ग समेत पर्यटन स्थलों की संपर्क सड़कों पर वाहनों के पहिये थम गए हैं। बर्फबारी के कारण अटल टनल रोहतांग यातायात के लिए बंद हो गई और पर्यटक यहां तक नहीं पहुंच पाए। पर्यटक फोर-बाई-फोर वाहनों में सोलंगनाला तक जरूर पहुंचे, जबकि सामान्य वाहनों को मनाली में फोरलेन पुल पर ही रोका गया।
ऑल हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी से पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ी है। बर्फ में मस्ती के लिए बड़ी संख्या में सैलानी हिमाचल पहंच रहे हैं। आने वाले दिनों में भी बर्फबारी का पूर्वानुमान है। उम्मीद है सैलानियों के हिमाचल आने का सिलसिला जारी रहेगा।