कुल्लू। महाविद्यालय कुल्लू में शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद एमटीए और एमए हिंदी और एमएससी की कक्षाएं शुरू न होने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कुल्लू इकाई ने बुधवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर कक्षाएं जल्द शुरू करने की मांग की गई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इकाई सचिव सुमित ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2017 में शिक्षा मंत्री कुल्लू महाविद्यालय के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए थे। महाविद्यालय में उन्होंने एमटीए, एमसीए और एमए की कक्षाएं शुरू करने का आश्वासन दिया था जो आज तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि एमटीए, एमए हिंदी की कक्षाएं शुरू न होने पर विद्यार्थियों का परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महाविद्यालय में इतिहास का प्राध्यापक भी नहीं है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में मुश्किलें पेश आ रही हैं। इसके साथ ही कॉलेज से ईवीएम मशीनें भी जल्द हटाईं जाएं, जिससे छात्रों की कक्षाएं सुचारु रूप से चल सकें। इस अवसर पर विशाल, अभिषेक, राहुल, प्रियांशु, चंद्रशेखर, रोहित, आंचल, मंजीत, जगदीश, सृष्टि, ऊषा, अनीता आदि मौजूद रहे।