कुल्लू दशहरा: देवी-देवताओं के नजराने में 5% और बजंतरियों के भत्ते में 10% बढ़ोतरी; सीएम सुक्खू ने किया एलान
कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने देवी-देवताओं के नजराने और बजंतरियों के भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश और कुल्लू जिले के लिए करोड़ों रुपये की विकासात्मक घोषणाएं भी कीं।
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने देव समाज, किसानों और क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने देवी-देवताओं के नजराने में पांच प्रतिशत और बजंतरियों के नजराने में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का एलान किया। इसके अलावा देवी-देवताओं के मुख्य गुर को 11,100 रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किसानों को राहत देने के उद्देश्य से अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 40 रुपये करने की घोषणा की। वहीं, कुल्लू कार्निवाल में भाग लेने वाले महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये देने का ऐलान किया।
सड़कों और सीवरेज के लिए करोड़ों रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री ने मनिकर्ण सड़क की टायरिंग के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही भुंतर से कुल्लू तक सीवरेज व्यवस्था विकसित करने के लिए 22 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया। कुल्लू-मनाली वामतट सड़क को बेहतर बनाने के लिए भी पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। इन घोषणाओं से क्षेत्र में सड़क सुधार और सीवरेज से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन समारोह में भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी ने शिमला स्थित अपने कार्यालय दीपकमल में 50 लोगों को पैसे देकर उनके खिलाफ रीलें बनाने के लिए बैठा रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी उनकी जुबान फिसलती है, तो उससे जुड़ी रीलें बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी जाती हैं।
मुख्यमंत्री ने सदर विधायक सुंदर ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सुंदर ठाकुर की ओर से दिए जाने वाले जवाबों से जयराम ठाकुर को अधिक तकलीफ होती है। सुक्खू ने दावा किया कि सुंदर ठाकुर विधानसभा में जयराम ठाकुर को करारा जवाब देते हैं। मुख्यमंत्री के ये बयान कुल्लू दशहरा के समापन समारोह के दौरान सामने आए। भाजपा कार्यालय में लोगों को पैसे देकर रखने और उनके खिलाफ रीलें बनवाने संबंधी आरोप मुख्यमंत्री की ओर से लगाए गए हैं।