संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में लोनिवि, आईपीएच समेत सभी तरह के सरकारी निर्माण कार्य तीसरे दिन भी बंद रहे। गुस्साए सैकड़ाें ठेकेदारों ने बुधवार को ढालपुर शहर में विरोध प्रदर्शन किया। बाद में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को मांगपत्र सौंपा।
ठेकेदारों ने सरकार से उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। कुल्लू कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा, उपाध्यक्ष जोगेंद्र मेहरा, प्रकाश शाशनी, कपिल राणा, महासचिव जसपाल, कुल्लू मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा, महासचिव जगदीश ठाकुर तथा सुुुभाष शर्मा ने कहा कि तीसरे दिन भी लगभग 200 करोड़ के निर्माण कार्य बंद रखे गए। कहा कि जिले में 500 ठेकेदारों के करोड़ों के बिलों की राशि मंजूर नहीं हुई हैं। ठेकेदारों की हड़ताल से सरकार को दोहरा नुकसान हो रहा है। एक ओर निर्माण कार्य ठप पड़ गया है, दूसरी ओर बर्फबारी और भूस्खलन से बंद सड़कों और पेयजल स्कीमों को बहाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिले में अभी भी करीब 20 सड़कों को बहाल किया जाना है। एसोसिएशन का कहना है कि उन्होंने बुधवार को पूरा काम बंद रखा है। उनको दस महीनों से अदायगी नहीं हो रही है। इसका असर उन्हें खुद के साथ उनके कामगारों पर भी पड़ रहा है।