सैंज (कुल्लू)। घाटी के तलाड़ा क्षेत्र में बुधवार शाम को हुई भारी बारिश से मटर, टमाटर और गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। इस समय मटर, टमाटर और गेहूं आदि की फसलें खेतों में लगभग तैयार हैं। बारिश से खेतों में मलबा घुस गया।
गौर रहे कि पंद्रह दिन पहले इस क्षेत्र में ओलों से प्लम, सेब और अनार की फसल को क्षति पहुंची थी। अब बारिश किसानों के लिए आफत बन कर बरसी है। तलाड़ा पंचायत के प्रधान मोहर सिंह ने कहा कि बाईला, धारा, कंढा, शैलेश, बिट्टू कंढा, बिहाली, टिपरी धार और सापंरी आदि गांव के खेतों में बारिश के कारण भारी मलबा आ गया। खेतीबाड़ी इस क्षेत्र के लोगों की आय का मुख्य साधन हैं। ऐसे में किसानों के चेहरे मुुरझा गए हैं। पंचायत की पूर्व प्रधान सुनीता देवी, ग्रामीण नारायण सिंह, बेली राम, किशोरी लाल, राम सिंह, सेस राम, उदय राम, प्रकाश चंद, चमन लाल, महेंद्र सिंह, अमीर चंद और हुकम राम ने कहा कि बुधवार शाम हुई बारिश से उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर गया। भारी बारिश से खेतों में भारी मलबा आ गया और फसल तबाह हो गई। उन्होंने बारिश से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। नायब तहसीलदार सैंज बालक राम ने कहा कि बारिश के कारण हुई क्षति का आकलन करने के लिए पटवारी को मौके पर भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।