कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के 11 वार्डों में सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और सड़कों की सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने और खुले में कचरा फेंकने पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक अभियान शुरू किया गया है। उपमंडल अधिकारी कुल्लू डाॅ. जयबंती ठाकुर की अध्यक्षता में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के सभी वार्डों को चार प्रमुख समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र के लिए विशेष वार्ड-वार समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों में पुलिस, आबकारी एवं कराधान, एचआरटीसी, परिवहन, उद्योग, स्वास्थ्य, वन, पर्यटन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद के अधिकारियों को सदस्य एवं सदस्य सचिव के रूप में शामिल किया गया है। समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में बाजारों, सड़कों और संवेदनशील स्थानों का नियमित और आकस्मिक निरीक्षण कर रही हैं। अभियान के तहत बुधवार को वार्ड नंबर एक, दो और तीन के आंशिक क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने 75 व्यावसायिक और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इनमें छह मामलों में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इन मामलों में मौके पर ही छह चालान किए गए और आठ हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक चम्मच, पॉलिथीन कैरी बैग और अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी जब्त की गई। प्रशासन ने नागरिकों, दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और पर्यटकों से कुल्लू शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए अभियान में सहयोग करने की अपील की है।