कुल्लू। पंजाब सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर रैली के दौरान सुरक्षा में हुई चूक को लेकर जिला भाजपा ने शुक्रवार को ढालपुर में विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इसमें भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला भी फूंका गया। साथ ही राष्ट्रपति से पंजाब सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने सुरक्षा में चूक को पंजाब सरकार की सोची समझी चाल बताया। कहा कि प्रधानमंत्री की मूवमेंट अति गोपनीय होती है, जो सभी उच्च सुरक्षा औपचारिकता के उपरांत होती है। इसकी सीधी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की बनती है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को आड़े हाथों लिया और कहा कि कांग्रेस की खामोशी इस ओर इशारा करती है कि यह उनकी सोची समझी चाल थी। इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित सूद, भाजपा जिला महामंत्री अखिलेश कपूर, जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष नवल नेगी, मनाली मंडल अध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, महामंत्री देवेंद्र ठाकुर, कुल्लू मंडल अध्यक्ष ठाकुर चंद, महामंत्री जगदीश ठाकुर, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष मनीषा सूद, महामंत्री रुकमणि जोशी, जिला परिषद सदस्य रेखा गुलेरिया, महिला मोर्चा कुल्लू मंडल अध्यक्ष बिमला ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।