शाहपुर (कांगड़ा)। चंबी खड्ड में स्थित सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के पंप हाउस से बीती रात चोरों ने लाखों की मशीनरी चुरा ली। इस कारण पंप हाउस ठप होने से रैत, बसनुर समेत नौशहरा के चार हजार से अधिक ग्रामीणों में पेयजल के लिए हाहाकार मच गया है। ग्रामीणों अशोक कुमार, खेम राज, दिनेश कुमार, राधो राम, संजीव कुमार, राजीव कुमार, राकेश कुमार, राजेश सिंह, संजय कुमार, किरण बाला, आरती देवी, ईशा कुमारी, सुषमा देवी, श्रेष्ठा देवी, निक्को देवी और सरला देवी ने कहा कि पिछले एक साल में पंप हाउस में चोरी की यह तीसरी घटना है। ग्रामीणों ने कहा कि पंप हाउस में लाखों की मशीनरी होने के बावजूद रात को कोई चौकीदार नहीं होता है। इसके चलते चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन विभाग गहरी नींद सोया हुआ है। वहीं, रैत सेक्शन के कनिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा ने कहा कि चोर पंप हाउस से दो लाख रुपए से अधिक मूल्य की दो बिजली की मोटरें, स्टार्टर और तारें चुरा ले गए हैं। थाना शाहपुर में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक ग्रामीण इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित रहेगी।