{"_id":"19-66278","slug":"Kangra-66278-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"दलाईलामा 10 दिसंबर को जाएंगे रोम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दलाईलामा 10 दिसंबर को जाएंगे रोम
Kangra
Updated Thu, 27 Nov 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
धर्मशाला। धर्मगुरु दलाईलामा नोबेल पुरस्कार विजेताओं के विश्व शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए 10 दिसंबर को रोम (इटली) जाएंगे। रोम में 12 से 14 दिसंबर तक नोबेल पुरस्कार विजेताओं का शिखर सम्मेलन होने जा रहा है। इसमें दलाईलामा समेत 22 नोबेल शांति पुरस्कार विजेता और कई नोबेल शांति समितियों के प्रतिनिधि शिरकत कर रहे हैं। सम्मेलन में नोबेल पुरस्कार विजेता डेस्मंड टुटू, शिरिन इबादी, लेमाह गबोवी, तवाकोल करमा, माइरेड मैगवायर आदि प्रमुख हस्तियां शिरकत कर रही हैं। दलाईलामा इस दौरान वीजा विवाद पर उनका समर्थन करने वालों शांति के दूतों से भी मिलेंगे। नोबेल पुरस्कार विजेताओं का विश्व शिखर सम्मेलन पहले दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होना था। लेकिन, दलाईलामा के वीजा विवाद की वजह से शिखर सम्मेलन दक्षिण अफ्रीका में स्थगित कर दिया गया। इसके बाद सम्मेलन के आयोजन के लिए रोम को चुना गया। विश्व भर से नोबेल शांति पुरस्कार विजेताओं ने वीजा विवाद पर धर्मगुरु दलाईलामा का समर्थन करते हुए दक्षिण अफ्रीका सरकार का विरोध किया था। रोम जाने से पहले दलाईलामा 10 दिसंबर को मैकलोडगंज में अंतरराष्ट्रीय हिमालयन उत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह हिमालयन उत्सव के अतिथि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी मिलेंगे।
विज्ञापन