{"_id":"69400d0981456667c80ec5a8","slug":"himachal-trade-via-shipki-la-pass-to-begin-from-june-ministry-of-external-affairs-gives-approval-2025-12-15","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: शिपकी-ला के रास्ते चीन के साथ जून से शुरू होगा व्यापार, विदेश मंत्रालय ने दी मंजूरी; जानें विस्तार से","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: शिपकी-ला के रास्ते चीन के साथ जून से शुरू होगा व्यापार, विदेश मंत्रालय ने दी मंजूरी; जानें विस्तार से
Tue, 16 Dec 2025 06:00 AM IST
अंकेश डोगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, रिकांगपिओ(किन्नौर)।
संवाद न्यूज एजेंसी, रिकांगपिओ(किन्नौर)।
Published by: अंकेश डोगरा
Updated Tue, 16 Dec 2025 06:00 AM IST
सार
हिमाचल प्रदेश में अगले साल जून से शिपकी-ला के रास्ते चीन के साथ व्यापार शुरू किया जाएगा। किन्नौर प्रशासन ने भी व्यापार शुरू करने की प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
विज्ञापन
शिपकी ला के रास्ते चीन के साथ व्यापार शुरू करने के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते उपायुक्त
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
जिला किन्नौर के पूह खंड में पड़ने वाले शिपकी-ला दर्रा से चीन के साथ व्यापार के लिए विदेश मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद अब अगले साल जून से शिपकी-ला के रास्ते चीन के साथ व्यापार शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
Trending Videos
किन्नौर प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शिपकी-ला व्यापार प्राधिकरण से संबंधित विभागों और हितधारकों की एक बैठक हुई। इसमें शिपकी-ला–नमगिया क्षेत्र में सड़क संपर्क, सुरक्षा व्यवस्था, सीमा शुल्क, चिकित्सा एवं आपात सेवाएं, व्यापारियों का पंजीकरण और विभागीय समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि पंजीकरण और अन्य औपचारिकताओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
उपायुक्त डॉ. अमित ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी भारत- तिब्बत सीमा पुलिस एवं स्थानीय पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से की जाएगी। व्यापारियों का पंजीकरण तहसीलदार पूह करेंगे। केवल सत्यापित एवं अनुमोदित व्यापारियों को ही व्यापार के पास जारी किए जाएंगे। पंजीकरण के लिए पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पूर्व व्यापार रिकॉर्ड (यदि उपलब्ध हो) और पासपोर्ट आकार के फोटो देने होंगे। आयात-निर्यात केवल भारत सरकार की ओर से अधिसूचित वस्तुओं तक सीमित रहेगा।
अधिसूचित वस्तुओं के अलावा अन्य कोई वस्तु न तो ले जा सकेंगे और न ही ला सकेंगे। सीमा शुल्क विभाग की ओर से स्थानीय सीमा शुल्क स्टेशन, शिपकी-ला पर आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और अधिसूचित आयात-निर्यात वस्तुओं की सूची का प्रसार किया जाएगा। सीमा पर आते-जाते समय वस्तुओं की गहन चेकिंग होगी।