Himachal Pradesh: हिमाचल में कुल्लू-आनी हाईवे पर 52 साल पुराना पुल धवस्त, पर्यटकों समेत फंसे रहे सैकड़ों लोग
Himachal Bridge Collapse: जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार को जोड़ने वाले एनएच 305 पर बना मंगलौर का पुल रात के समय गिर गया। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
औट-बंजार-सैंज हाईवे -305 में आने वाले मंगलौर के पास मंगलौर खड्ड पर बना 52 साल पुराना पुल भारी वजन से ध्वस्त हो गया। शुक्रवार देर रात करीब 3:30 बजे दस पहियों वाले क्लिंकर ट्रक का भार क्रंकीट पुल सहन नहीं कर पाया। सीमेंट मिक्चर वाला यह ट्रक पुल टूटने के बाद मंगलौर खड्ड में जा गिरा। जिसमें चालक घायल हुआ है। इसके बाद एनएच में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। 12 घंटों के बाद वैकल्पिक मार्ग बनाकर एनएच से छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकी। वहीं डीसी कुल्लू ने अब मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
एनएच-305 पर मंडी और कुल्लू की सीमा पर स्थित मंगलौर पुल क्लिंकर ट्रक गुजरते समय धराशाही हो गया। सुबह-सवेरे खबर की भनक लगते ही लोगों में हड़कंप मच गया। सुबह जैसे ही लोग गाड़ियों में यहां पहुंचे तो दोनों तरफ वाहनों की लाइन लगना शुरू हो गई। पर्यटकों और लोगाें को जब कोई विकल्प नहीं मिला तो वे खड्ड होकर ही जान जोखिम में डाल कर आर-पार होने लगे। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाओं सहित अन्य यात्रियों ने खड्ड जान जोखिम में पार की।
हालांकि सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों की सहायता में कर्मचारी जुट गए। लोगों की मुश्किल सुबह 10:00 बजे और बढ़ी तो वैकल्पिक मार्ग की तलाश शुरू हुई। सुबह 10:00 बजे चार मशीनें मौके पर पहुंची और वैकल्पिक मार्ग बनाया। वहीं दोपहर बाद उपायुक्त तोरूल एस रवीश भी मौके पर पहुंची और उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं उपायुक्त तोरूल एस रवीश ने कहा कि पुल काफी पुराना था, जो टूट गया है। हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं। नया पुल बनने तक वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा।
पर्यटकों को पंडोह से और शांघड़ किया डायवर्ट
एनएच-305 जब मंगलौर के पास वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हुआ तो पंडोह से वाया छतरी गाड़ागुशैणी होते हुए जिभी भेजा गया। इसके साथ ही कुछ जो औट से बंजार की तरफ निकले थे उन्हें लारजी से सैंज घाटी के शांघड़ में भेजा गया। ऐसे में कई पर्यटक बंजार नहीं पहुंच पाए।
ट्रक चालक के खिलाफ अब मंडी पुलिस की ओर से बालीचौकी में मामला दर्ज करवाया है। इसमें क्षमता से अधिक लोड ले जाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि घायल चालक को उपचार के लिए बंजार अस्पताल पहुंचाया गया है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ''विधानसभा क्षेत्र बंजार और सराज के बालीचौकी को आपस में जोड़ने वाले औट-लुहरी-रामपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 305 के ऊपर बने मंगलौर पुल के क्षतिग्रस्त होने से यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। मैंने सभी संबंधित अधिकारियों से बात कर निर्देश दिये हैं कि तत्काल अस्थाई निर्माण कर वैकल्पिक मार्ग बहाल किया जाए ताकि स्थानीय जनता और फंसे हुए पर्यटकों को कोई परेशानी न हो। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी को भी मौके पर पहुंचकर जायजा लेने और मार्ग बहाली कार्य में सहयोग करने को कहा है। संबंधित राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्रबंधन को जल्द स्थाई समाधान निकालने का आग्रह किया है।''
विधानसभा क्षेत्र बंजार और सराज के बालीचौकी को आपस में जोड़ने वाले औट-लुहरी-रामपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 305 के ऊपर बने मंगलौर पुल के क्षतिग्रस्त होने से यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है।
— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) April 12, 2025
मैंने सभी संबंधित अधिकारियों से बात कर निर्देश दिये हैं कि तत्काल अस्थाई निर्माण कर… pic.twitter.com/Hbe2DsKGpZ
मंगलौर में हाईवे-305 पर नया पुल का निर्माण होने तक सैलानी बंजार घाटी की वादियों को निहारने के लिए शिमला से आनी व खनाग होकर बंजार के पर्यटन स्थलों में पहुंच सकते हैं। हालांकि यहां पर छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनकर तैयार हो गया है। ऐसे में सैलानी इसी रास्ते का भी चयन कर सकते हैं। मगर खड्ड से होकर निकाली सड़क के कारण यहां पर वाहनों को निकालने में दिक्कत हो सकती है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार सुबह सैंज-ओट-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग 305 पर क्षतिग्रस्त हुए पुल को लेकर विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की। विक्रमादित्य ने बताया कि यह पुल 1970 के दशक में बना था। कुल्लू से यातायात को तुरंत सुचारू करने के लिए क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर बैैली ब्रिज लगाया जाएगा। विक्रमादित्य ने बताया कि वह खुद भी मौके का मुआयना करने जाएंगे।