फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Himachal Pradesh CM Sukhvinder Singh Sukhu campaigns in Haryana

Himachal CM: 'पीएम ने हरियाणा-जम्मू कश्मीर के चुनावों में हिमाचल की बात की, लेकिन आपदा में नहीं दी फूटी कौड़ी'

Wed, 02 Oct 2024 05:00 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला Published by: अंकेश डोगरा Updated Wed, 02 Oct 2024 05:00 PM IST
सार

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हरियाणा के पंचकूला विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने के दौरान पीएम मोदी हमला बोला। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हरियाणा व जम्मू एवं कश्मीर के चुनाव में प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश की चर्चा कर रहे हैं। उन्हें चुनावों में ही हिमाचल की याद आती है, बीते वर्ष प्रदेश में आई भयंकर आपदा में केंद्र सरकार ने फूटी कौड़ी नहीं दी। 

विज्ञापन
Himachal Pradesh CM Sukhvinder Singh Sukhu campaigns in Haryana
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को हरियाणा के पंचकूला विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रमोहन बिश्नोई के पक्ष में बरवाला बस स्टैंड पर चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा व जम्मू एवं कश्मीर के चुनाव में प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश की चर्चा कर रहे हैं। उन्हें चुनावों में ही हिमाचल की याद आती है, बीते वर्ष प्रदेश में आई भयंकर आपदा में केंद्र सरकार ने फूटी कौड़ी नहीं दी। आत्मनिर्भर बनने जा रहे हिमाचल के बारे में भाजपा नेता सच छिपाकर गलत तथ्य पेश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री को जो तथ्य हिमाचल भाजपा के नेताओं ने दिए थे वे सही होते तो अच्छा रहता। चुनावों में बड़े-बड़े नेता आते हैं, बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन सच नहीं बताते।

विज्ञापन

 
विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 महीने पहले हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी। इस छोटे से कार्यकाल में हमने अपनी दस गारंटियों में से 5 गारंटियां पूरी कर दी हैं। 1.36 लाख कर्मचारियों-अधिकारियों को पहली कैबिनेट में ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ दिया। यह फैसला राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए लिया गया। जिसे 3000 रुपये पेंशन मिल रही थी, उसे अब 30000 रुपये मिल रहे हैं। महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि प्रदान करने की योजना शुरू हो चुकी है। क्वालिटी एजुकेशन के लिए हर विधानसभा में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल बना रहे हैं। पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम शुरू किया है। युवाओं को रोजगार के 680 करोड़ की राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना शुरू की है। दूध और प्राकृतिक खेती से उत्पन्न गेहूं व मक्का पर एमएसपी देने वाला हिमाचल प्रदेश पहला राज्य है। गाय के दूध को 45 रुपये और भैंस के दूध को 55 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से सरकार खरीद रही है। गेहूं को 40 रुपये व मक्का को 30 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से सरकार खरीदेगी।

सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने हिमाचल में अपने कार्यकाल के अंतिम छह महीने में 5000 करोड़ की रेवड़ियां बांटी। करोड़ों रुपये की कमाई कर रहे होटलों और आयकरदाताओं के लिए भी 125 यूनिट बिजली मुफ्त कर दी। पानी फ्री कर दिया, बावजूद इसके जनता ने भाजपा को सत्ता बाहर का रास्ता दिखाया। आपदा में भाजपा राजनीति करती रही और हमने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज दिया। पूर्ण व आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 23000 घरों को फिर से बसाया। मकान बनाने के लिए 1.30 लाख रुपये मिलते थे, हमने राहत मैन्युअल में बदलाव कर 7 लाख रुपये दिए। कांग्रेस की नीतियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की हैं। हम हिमाचल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी जी की सोच को साकार कर किसान के हाथ में सीधा पैसा देकर उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध बना रहे हैं। मनरेगा की दिहाड़ी को बढ़ाकर हमारी सरकार ने 240 से 300 रुपये कर दिया है। 4000 अनाथ बच्चों को गोद लेकर सरकार ने चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट का दर्जा दिया है। यह करने वाली हमारी सरकार में देश में पहली कल्याणकारी सरकार है।
 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में विधवा महिलाओं के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार 27 साल की आयु तक उठाएगी। हम हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने जा रहे हैं। 2027 में हमारा प्रदेश आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और 2032 में देश का सबसे समृद्ध राज्य होगा। हमने अपनी नीतियों में बदलाव किया है, वित्तीय अनुशासन लाकर हम आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने की ओर बढ़े हैं। हमारी सरकार ने गरीब को आगे बढ़ाने का काम किया है और कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, तभी शिमला नगर निगम का चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज की।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि पंचकूला से कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रमोहन जीत दर्जकर हरियाणा सरकार में मंत्री बनेंगे। इनके मन में गरीब के लिए दर्द और किसान के लिए सम्मान है। इनके पिता भजन लाल हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनकी सोच के अनुसार गुरुग्राम व आसपास का क्षेत्र विकसित हुआ। उन्होंने हरियाणा को आत्मनिर्भर बनने की सोच दी। पंचकूला की जनता चंद्रमोहन को जिताकर भेजे, वह रोजगार के अवसर सृजित करवाएंगे। क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा व कांग्रेस पार्टी ने कर्मचारियों को ओपीएस, महिलाओं को 2000 रुपये प्रतिमाह और किसानों की कर्ज माफी सहित अनेक गारंटी दी हैं, जिन्हें वह सरकार बनाने पर पूरा करेंगे। आज हरियाणा में कर्मचारी ओपीएस के लिए सड़कों पर हैं, उन्हें ज्यादा दिन आन्दोलनरत नहीं रहना पड़ेगा। हरियाणा की कांग्रेस सरकार उन्हें ओपीएस देगी। कांग्रेस पार्टी सभी जातियों, धर्मों व विचारधाराओं का प्रतिनिधित्व करती है। 5 अक्तूबर को जब मतदान करने जाएं तो कांग्रेस की नीतियों पर मुहर लगाएं। हरियाणा के लिए कल्याणकारी योजनाएं कांग्रेस ही बना सकती है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ने वाले व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और जय जवान, जय किसान का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया। इस मौके पर पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रमोहन बिश्नोई, सीपीएस राम कुमार, विधायक सुरेश कुमार, विधायक एवं प्रभारी अंबाला लोकसभा क्षेत्र केवल सिंह पठानिया, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, विधायक सुदर्शन बबलू, पूर्व चेयरमैन विजय बंसल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, सलीम दाबकौडी, सीमा बिश्नोई, सिद्धार्थ बिश्नोई, शताक्षी बिश्नोई, राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपांशु बंसल, जगदीश कश्यप, वीरेश शांडिल्य इत्यादि उपस्थित रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed