Himachal: अध्यापकों के साथ अब विद्यार्थियों की भी लगेगी ऑनलाइन हाजिरी, शिक्षा साथी एप बंद, यहांं मिलेगा डाटा
हिमाचल प्रदेश में शिक्षा साथी एप बंद कर दी गई है। अब इसकी जगह आधुनिक विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) को शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में बायोमीट्रिक और वीएसके दोनों माध्यम से अध्यापकों की हाजिरी लग रही है। एक-दो माह में विद्यार्थियों की हाजिरी भी इसमें शुरू हो जाएगी।
विस्तार
प्रदेशभर के स्कूलों का निरीक्षण और अन्य जानकारी के लिए तैयार की गई शिक्षा साथी एप बंद कर दी है। वहीं अब इसकी जगह आधुनिक विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) को शुरू कर दिया गया है। इसमें प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यालयों का पूरा रिकॉर्ड अपलोड होगा। प्रत्येक छात्र का अलग से डाटा बेस तैयार किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों की हाजिरी समेत अन्य गतिविधियों की रिपोर्ट भी ऑनलाइन अपलोड होगी। वर्तमान में बायोमीट्रिक और वीएसके दोनों माध्यम से अध्यापकों की हाजिरी लग रही है। एक-दो माह में विद्यार्थियों की हाजिरी भी इसमें शुरू हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार वीएसके में प्रत्येक छात्र का अलग से डाटा बेस तैयार किया जाएगा। इसके लिए एक फॉर्मेट बनाया गया है जिसमें प्रत्येक छात्र और अध्यापकों से जुड़ी करीब 35 जानकारियां मांगी गई हैं। इसमें सभी स्कूलों को संबंधित जानकारी जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में देनी होगी। पहली से 12वीं कक्षा तक प्रत्येक छात्र के अलग-अलग निर्धारित फॉर्मेट में यह जानकारी दी जाएगी। इससे प्रत्येक छात्र की मॉनिटरिंग की जाएगी। छात्रों की हाजिरी, गैर हाजिरी, स्कूल छोड़ने की जानकारी भी इसमें दर्ज करनी होगी। शिक्षा सचिव समेत शिक्षा मंत्री इसकी समीक्षा ऑनलाइन कभी भी कर सकते हैं। इसको लेकर स्कूलों के अध्यापकों व विद्यार्थियों का पूरा रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट रहेगा। शिक्षा विभाग ने अध्यापकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति से लेकर पूरा रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट करना होगा।
स्कूलों में अब शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को समय पर आना होगा। उनकी हाजिरी वीएसके से दर्ज की जाएगी। इसमें समय और लोकेशन अपने आप आ जाएंगे। ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले शिक्षकों के खिलाफ विभाग अनुशासनात्मक कार्रवाई भी कर सकता है। इस नई व्यवस्था को दो अगस्त से सभी स्कूलों के लिए लागू कर दिया गया है। बीते माह ट्रायल आधार पर इस व्यवस्था को शुरू किया गया था। व्यवस्था को समझने के लिए कुछ दिन दिए गए थे। इसके लिए संबंधित शिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। मोबाइल के लिए अलग से एप बनाया गया है। एप के माध्यम से शिक्षकों को स्टाफ लॉगिन से पहले खुद की हाजिरी दर्ज करानी होगी।
डाइट सोलन के प्रिंसिपल एवं समग्र शिक्षा जिला अधिकारी डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि विद्या समीक्षा केंद्र के तहत कार्य शुरू हो गया है। इसमें अध्यापकों की ऑनलाइन हाजिरी लगनी शुरू हो गई है। हालांकि अभी विद्यार्थियों की हाजिरी शुरू नहीं की गई है, जिसके लिए विद्यार्थियों का डाटा इस एप में अपलोड किया जा रहा है। इसके बाद विद्यार्थियों विद्यार्थियों की उपस्थिति से लेकर पूरा रिकॉर्ड मिलेगा। इसकी सीधी समीक्षा ऑनलाइन शिक्षा सचिव समेत शिक्षा मंत्री भी कर रहे हैं।
समग्र शिक्षा की जिला परियोजना अधिकारी नम्रता शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर में वर्तमान समय में शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी विद्या समीक्षा केंद्र पोर्टल के जरिये लग रही है। कहा कि जल्द ही प्रदेश के सभी स्कूलों में इस पोर्टल के जरिये हाजिरी ऑनलाइन लगेगी।
ऐसे होता था शिक्षा साथी एप पर कार्य
स्कूल निरीक्षण के लिए गठित टीमें शिक्षा साथी एप का प्रयोग सिर्फ स्कूल पहुंच कर ही कर सकती थी। जिला के किसी भी स्कूल के निरीक्षण के बाद ही इसकी जानकारी निदेशालय तक पहुंचती थी। इसमें एप ओपन करते ही जीपीएस भी ऑन हो जाता था और टीम की पूरी लोकेशन भी शिक्षा निदेशालय के पास पहुंच जाती थी। इसके बाद स्कूल की गतिविधियों सहित अन्य खामियों की रिपोर्ट को ऑनलाइन भरने के बाद इसे निदेशालय को सौंपा जाता था। अब विद्या समीक्षा केंद्र पर निरीक्षण टीम को स्कूल जाकर डाटा एकत्रित करने की कोई आवश्यकता नहीं रहेगी। स्कूल, विद्यार्थी और अध्यापकों के संबंधित डाटा इसमें पहले से ही अपलोड होगा। वहीं सभी जानकारी स्कूल प्रबंधक को अपडेट करनी होगी।