चंबा। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों से वर्चुअली संवाद किया। चंबा के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोगों ने संवाद सुना। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दरबार हाल मेडिकल कॉलेज चंबा, पंचायत समिति कक्ष तीसा, भरमौर के चौरासी परिसर, बनीखेत के सामुदायिक भवन, सिहुंता में ट्राइबल भवन और चुवाड़ी के आंबेडकर भवन में एलईडी के माध्यम से कार्यक्रम दिखाया गया। चंबा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की स्थानीय लाभार्थी उषा कुमारी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से संवाद और योजना को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार के अनुपम सौंदर्य का जिक्र भी किया। विधानसभा क्षेत्र भटियात में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचेतक विक्रम सिंह जरियाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। चंबा विधानसभा क्षेत्र के तहत पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा संस्थान के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पवन नैयर ने बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। इसी तरह भरमौर के चौरासी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक जियालाल कपूर ने की। इस दौरान लाभार्थियों को दस-दस किलो अनाज के बैग भी वितरित किए।