चंबा। स्वास्थ्य खंड पुखरी के तहत आने वाले धरयाली गांव में दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 28 और 35 शामिल वर्षीय पुरुष शामिल हैं। दो नए कोरोना संक्रमण के मामले आने से जिले में अब सात सक्रिय मामले हो गए हैं। इसके अलावा दो कोरोना संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात देने में भी सफलता हासिल की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 373 सैंपल कोरोना जांच के लिए एकत्रित किए थे। इन सैंपलों को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज की पीसीआर लैब में भेजा गया था, जहां से बुधवार को रिपोर्ट आई। रिपोर्ट में दो सैंपलों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई। जबकि, अन्य सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या अब धीरे-धीरे बढ़ने लगी है, जो चिंता का विषय है।