चंबा। हिमखंड की अधूरी कटिंग की वजह से लंगेरा गांव के लोगों को बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके चलते लंगेरा से दो किलोमीटर पीछे नाले से ही बसें लौट रही हैं। लोक निर्माण विभाग की टीम ने 15 दिन तक हिमखंड को काटने के लिए मशीनें लगा रखी थीं लेकिन, छोटे वाहनों की आवाजाही सुचारु कराने के बाद अब मशीनें वहां से हटा दी गई हैं। बस चालक हिमखंड के बीच बनाए रास्ते को बस के लिए असुरक्षित बता रहे हैं। यही वजह है कि कोई भी चालक बस को इस नाले से आगे नहीं ले जा रहा है। लंगेरा गांव के दो दर्जन विद्यार्थियों सहित अन्य लोगों को रोजाना दो किलोमीटर पैदल दौड़ लगानी पड़ रही है।
सतीश कुमार, अजय कुमार, जोगिंद्र सिंह, राजिंद्र सिंह, चैनलाल, हरी लाल, अमी चंद, विपिन कुमार, पवन कुमार, कुलदीप, मोहिंद्र, गोगी और हरी राम ने बताया कि कई माह बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई है। ऐसे में लोगों को अभी भी पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। इसके लिए लोनिवि जिम्मेदार है। विभाग को हिमखंड की कटिंग बस की आवाजाही अनुसार करनी चाहिए थी लेकिन, छोटे वाहनों की आवाजाही करवाकर विभाग ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। जिन लोगों के पास अपने निजी वाहन नहीं हैं, उन लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि इस सड़क को बस योग्य बनाया जाए।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने बताया कि जल्द हिमखंड की कटिंग करके वहां बस चलाने योग्य सड़क बनाई जाएगी।