खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में आने वाले पर्यटक आइस स्केटिंग का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पर्यटकों के मनोरंजन के लिए बर्फ पर टायर की ट्यूब से स्केटिंग करने की व्यवस्था की है। इससे पर्यटक बर्फ पर स्केटिंग करने का खूब मजा ले रहे हैं। इसके लिए पर्यटकों से बेशक शुल्क लिया जा रहा है लेकिन, स्केटिंग से पर्यटक इतने आनंदित हो रहे हैं कि वे किसी भी शुल्क को देने के लिए तैयार हैं। झील मैदान बुधवार को पर्यटकों से खचाखच भरा रहा।
पंजाब, गुजरात, दिल्ली, बिहार सहित अन्य राज्यों से यहां पहुंचे पर्यटकों ने यहां की सुंदर वादियों का नजारा लिया। पर्यटक सुखजिंद्र सिंह, कमलजीत सिंह, शिवेन, नरेंद्र, रंजीत सिंह, शिवाली सिंह, अमृता और दलीप सिंह ने बताया कि खज्जियार आकर उन्हें काफी अच्छा लगा है। भविष्य में जब भी मौका मिलेगा, वे जरूर यहां आएंगे। यहां की प्रकृति का नजारा काफी मनमोहक है। बर्फ देखने की चाह लेकर वे चंबा आए थे। बर्फबारी के साथ उन्होंने आइस स्केटिंग का भी लुत्फ उठाया। वहीं, पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय कारोबारियों का धंधा चमक उठा है। कोरोना महामारी के दौर में उन्हें काफी राहत मिली है।