चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी-कैंथली मार्ग पर टेंपो दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हरभजन सिंह (19) पुत्र जीवन सिंह निवासी गांव मलेड़ खड्ड डाकघर बनेट के रूप में हुई है। युवक वीरवार रात को टेंपो लेकर जा रहा था।
उसके साथ टेंपो में अन्य कोई भी सवार नहीं था। नेरे री घार के पास अचानक टेंपो अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे लुढ़क कर डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। टेंपो को खाई में गिरता देख आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए। उन्होंने पहले घायल को खाई से बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। उसके बाद घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी पहुंचाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, चुवाड़ी पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के कारणों को लेकर छानबीन की।
शुक्रवार सुबह चुवाड़ी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर किया। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि टेंपो दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।