चंबा। बाल श्रम पर अंकुश लगाने के लिए शहर के मुख्य बाजार में संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दुकानों, ढाबों और रेहड़ी-फड़ियों पर जानकर निरीक्षण किया और वहां कार्य कर रहे बच्चों के आधार कार्ड जांचे। हालांकि, इस दौरान कोई भी किशोर 14 साल से कम आयु का नहीं मिला। टीम ने दुकानों में काम कर रहे बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपनी दुकानों में 14 साल से कम आयु के बच्चों को काम के लिए न रखें। यदि कोई दुकानदार ऐसा करता पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। टीम के निरीक्षण के दौरान बाजार में हड़कंप मचा रहा।
टीम में जिला बाल संरक्षण इकाई अधिकारी बालकृष्ण शर्मा, श्रम निरीक्षक रिशव, बाल संरक्षण अधिकारी रिंकू शर्मा, मुख्य आरक्षी दुनी चंद, चाइल्ड लाइन टीम सदस्य काजू राम, नीता कुमारी आदि मौजूद रहे। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिया है कि कोरोना महामारी के कारण अगर किसी किशोर के परिजनों की मृत्यु हो गई हो तो वे इसके बारे में विभाग को सूचित करें। विभाग की ओर से उचित सहायता प्रभावित बच्चे को दिलवाई जाएगी। जिला बाल संरक्षण इकाई अधिकारी बाल कृष्ण शर्मा ने खबर की पुष्टि की है।