तेलका (चंबा)। सलूणी उपमंडल में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते दिनों से जारी भारी वर्षा के कारण जगह-जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे कई सड़कें पूरी तरह ठप हो गई हैं। नतीजतन ग्रामीणों को न केवल आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि जरूरी सामान की सप्लाई भी बुरी तरह प्रभावित हो गई है। हुटा से सलूणी मार्ग पिछले चार दिन से भूस्खलन की चपेट में है। हुटा, लिगा और टिकरू नामक स्थानों पर बड़े पैमाने पर मलबा गिरने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध है। इसी तरह बजमोता–सरार सड़क भी जगह-जगह भूस्खलन से बंद हो चुकी है। बिंदोखी-थालोगा सड़क जगह-जगह मलबा आने से ठप है। तेलका-ग्रझींडू मार्ग पर बरोला, मराई और दनोटू के पास भारी भूस्खलन हुआ है। बिलकुंडू-करवाल-अथेड़ सड़क भी कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गई है। सड़कें बंद होने से लोगों की रोज़मर्रा की जिंदगी पर सीधा असर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि पैदल आवाजाही तक मुश्किल हो गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित सड़कों को बहाल करने के लिए तुरंत मशीनरी लगाई जाए, ताकि कठिनाइयों से राहत मिल सके।

सलूणी में सड़क पर भूस्खलन के बाद मलबा हटाती जेसीबी मशीन। स्रोत : जागरूक पाठक

सलूणी में सड़क पर भूस्खलन के बाद मलबा हटाती जेसीबी मशीन। स्रोत : जागरूक पाठक

सलूणी में सड़क पर भूस्खलन के बाद मलबा हटाती जेसीबी मशीन। स्रोत : जागरूक पाठक