खज्जियार(चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात खज्जियार में अब पर्यटकों को पार्किंग फीस की अदायगी नहीं करनी पड़ेगी। पर्यटकों को राहत देने के मकसद से ईको टूरिज्म सोसायटी ने यह फैसला लिया है। पर्यटकों से अब बैरियर पर एंट्री के दौरान सिर्फ ग्रीन असेस और सेंचुरी एरिया में प्रवेश करने पर ही वाहन शुल्क वसूला जाएगा। बस के लिए तीन सौ रुपये, सूमो गाड़ी के लिए दो सौ और आल्टो कार का प्रवेश शुल्क पचास रुपये निर्धारित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैरियरों को लेकर नीलामी प्रक्रिया धर्मशाला में बीते दिनों संपन्न हुई। इसमें आठ ठेकेदारों ने भाग लिया। जिसका टेंडर संजीव कुमार ने 94 लाख रुपये की राशि से हासिल किया। ईको टूरिज्म द्वारा इस राशि को पर्यटन स्थल खज्जियार की सुंदरता व विकास के लिए खर्च किया जाएगा। गौरतलब है कि आगामी माह में चंबा में पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है। इस दौरान खज्जियार पर्यटकों से गुलजार होगा। गत वर्ष कोरोना महामारी के चलते पर्यटक सीजन चौपट हो गया था। इसके चलते स्थानीय कारोबारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इस बार खज्जियार में पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। वन्य प्राणी विभाग के उपमंडलाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि अब पार्किंग फीस नहीं ली जाएगी। खज्जियार में पर्यटक वाहनों के प्रवेश के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है।