चंबा। दिल्ली से चंबा आ रही एक वोल्वो बस अल सुबह 5:00 बजे तलवाड़ा के पास तेल टैंकर के साथ टकराने से क्षतिग्रस्त हो गई। इस टक्कर में बस के शीशे टूट गए। वहीं हादसे में एक लड़की को भी मामूली चोटें पहुंची हैं जिसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया। तेल टैंकर और वोल्वो बस की आपसी टक्कर के बाद बस की सवारियों को अमूमन डेढ़ घंटे तक दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। आखिरकार, सवारियों को दिल्ली-डलहौजी बस में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सवारियों पारुल जसरोटिया, अंकिता देवी, मीनाक्षी और आरुही ने बताया कि वे दिल्ली से चंबा के लिए तारादेवी बस डिपो की वोल्वो बस में सवार होकर सोमवार 8:15 बजे चंबा के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार सुबह तलवाड़ा के समीप पहुंचने पर एक तेल टैंकर के साथ टकराने से बस क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत ये रही कि बस में बैठी सवारियां सुरक्षित हैं। महज एक लड़की को ही मामूली चोटें पहुंची हैं जिसे प्राथमिक उपचार के बाद स्वास्थ्य केंद्र से घर भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेल टैंकर बहुत तेज गति से आ रहा था। अचानक हल्के से मोड़ के पास ब्रेक जोर से लगाने पर टैंकर खिंचता हुआ वोल्वो बस से जा टकराया जिससे बस को काफी क्षति पहुंची है। हादसे के बाद सवारियां बस से बाहर आ गईं। साथ ही पुलिस को भी इस बाबत सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान कलमबद्ध करने के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद उन्हें दिल्ली से डलहौजी के लिए आ रही दूसरी वोल्वो बस में बैठाकर रवाना किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक चंबा शुगल कुमार ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी मिली है। बताया कि हादसे में किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। बताया कि सवारियों की सहूलियत के लिए उन्हें दूसरी बस के जरिये उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।