चंबा। जिला मुख्यालय के समीप स्थित सरकारी कार्यालय इन दिनों राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंबा के प्रशिक्षुओं से गुलजार हैं। प्रशिक्षु इन सरकारी कार्यालयों में इंटर्नशिप की तर्ज पर ऑन जॉब ट्रेनी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इससे जहां सरकारी कार्यालयों में प्रशिक्षु कामकाज सीख रहे हैं तो वहीं स्टाफ की कमी से जूझ रहे कार्यालयों में भी काम आसानी से निपट रहा है।
विभाग के निर्देशानुसार प्रशिक्षु उपायुक्त कार्यालय परिसर, निर्वाचन कार्यालय, जिला रोजगार कार्यालय, रजिस्ट्रार सोसायटी और लोक निर्माण विभाग के कार्यालयों में इंटर्नशिप कर रहे हैं। इन सरकारी कार्यालयों ने एक माह तक और प्रशिक्षुओं की इंटर्नशिप बढ़ाने के लिए आग्रह किया है। गौरतलब है कि 14 और 15 मई को आयोजित लोक अदालतों में भी प्रशिक्षुओं ने डाटा एंट्री और अन्य कंप्यूटरीकृत कार्यों को सम्पन्न करवाने में अपनी सेवाएं दी हैं। संस्थान के प्रधानाचार्य विपिन शर्मा ने बताया कि तीस प्रशिक्षुओं को इंटर्नशिप के लिए भेजा गया है। कहा कि प्रशिक्षु काफी सलीके से अपने कार्य का निर्वहन कर रहे हैं। अधिकारी भी इनकी खूब प्रशंसा कर रहे हैं।