चंबा। जिले में शुक्रवार को कोरोना के 13 नए मामले सामने आए हैं। इसमें नौ लोग एक ही परिवार से संबंधित हैं। जोकि धडोग मोहल्ले में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए थे। यह पूरा परिवार मंगला का रहने वाला है। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया था। इनके सैंपल जांच को भेजे गए थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 13 कोरोना पॉजिटिव की सूची में उपरोक्त परिवार भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने 10 अगस्त को जांच के लिए 209 सैंपल पीसीआर लैब में भेजे थे। इसमें 13 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। मंगला में जो परिवार कोरोना संक्रमित पाया गया है उसमें 68 वर्षीय महिला, 35 वर्षीय व्यक्ति, 38 वर्षीय व्यक्ति, 8 वर्षीय बच्ची, 53 वर्षीय व्यक्ति, 47 वर्षीय महिला, 17 वर्षीय युवती, 67 वर्षीय महिला और 6 वर्षीय बच्ची शामिल है।
झारखंड से डलहौजी पहुंचे एक पुरुष और महिला भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन दोनों को होम क्वारंटाइन किया गया था। डलहौजी थाने में तैनात एक महिला कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। मेडिकल कॉलेज चंबा में ट्रूनैट मशीन से जांच के दौरान एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया। इसे पुख्ता करने के लिए सैंपल को पीसीआर भेजा गया। पीसीआर में व्यक्ति के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इन सभी को स्वास्थ्य विभाग ने कोविड केयर सेंटरों में शिफ्ट कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि चंबा में शुक्रवार को कोरोना के 13 नए मामले सामने आए हैं। अब चंबा में एक्टिव केसों की संख्या 155 हो गई है। विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।