बनीखेत (चंबा)। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर बैकुंठनगर के पास ट्रक और कार में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं जबकि, किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, दुर्घटना में ट्रक को भी क्षति पहुंची है। बुधवार रात को दस बजे के करीब हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक पंजाब नंबर की कार पठानकोट से चंबा की ओर आ रही थी। जबकि, ट्रक चंबा से पठानकोट की तरफ जा रहा था। बैकुंठनगर के पास कार और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। गाड़ियों के टकराने के बाद सड़क पर जाम लग गया। साथ ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।