व्यासपुर। धान की आवक बढ़ने के साथ व्यासपुर अनाज मंडी में उठान की धीमी प्रक्रिया किसानों और आढ़तियों के लिए परेशानी बन गई है। मंडी में अभी तक करीब एक लाख क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। मंडी की सड़कों से लेकर फड़ तक पर धान बिखरा पड़ा है।
खरीदी गई फसल में से अभी तक एक भी बैग का उठान नहीं हुआ है। इससे मंडी में नई फसल डालने के लिए जगह कम पड़ गई है। किसान मजबूरी में मंडी के आने-जाने वाले रास्तों पर धान उतार रहे हैं। किसान सतीश कुमार, बलिंद्र सिंह, फूल चंद का कहना है कि यदि उठान शुरू नहीं हुआ तो आगामी दो दिनों में मंडी पूरी तरह भरने की उम्मीद है। व्यासपुर मंडी में डीएफएससी ने 21,967 क्विंटल और वेयरहाउस ने 13,786 क्विंटल धान की खरीद की है। वहीं रणजीतपुर मंडी में डीएफएससी की ओर से 6,753 क्विंटल धान खरीदा गया है। मंडी सुपरवाइजर दीपक कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम तक धान का उठान शुरू होने की उम्मीद है।