{"_id":"6ad1dfe9ff844ea8070f2a0a","slug":"fire-breaks-out-at-a-car-factory-in-balachaur-yamunanagar-two-people-sustain-burns-2026-10-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"यमुनानगर की बलाचौर में टायर फैक्टरी में लगी आग: दो लोग झुलसे, तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यमुनानगर की बलाचौर में टायर फैक्टरी में लगी आग: दो लोग झुलसे, तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
Fri, 16 Oct 2026 01:57 PM IST
Naveen
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
Published by: Naveen
Updated Fri, 16 Oct 2026 01:57 PM IST
सार
फैक्ट्री में पुराने टायरों से तेल निकालने का काम किया जाता है। यह इकाई काफी समय से संचालित हो रही है। शुक्रवार सुबह आग लगने के बाद परिसर में रखे टायरों के कारण आग तेजी से फैल गई।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी
- फोटो : संवाद
विस्तार
यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव बलाचौर में शुक्रवार सुबह एक टायर फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर मौजूद थे। इनमें कुछ फैक्ट्री परिसर में बने क्वार्टरों में थे, जबकि कुछ अंदर काम कर रहे थे। हादसे में दो लोग झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की आठ गाड़ियों को बुलाया गया।
विज्ञापन
धमाके से हिल गया कमरा, बाहर निकले तो उठ रही थीं आग की लपटें
फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर हरबंस और लेखराज ने बताया कि वे बलाचौर स्थित एमएस यश ट्रेडिंग कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार सुबह वे फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में मौजूद थे। करीब 11 बजे अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे पूरा कमरा हिल गया। धमाके की आवाज सुनकर वे तुरंत बाहर निकले तो फैक्ट्री से आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने परिसर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। मजदूरों ने आशंका जताई कि फैक्ट्री में बैलून फटने के कारण धमाका हुआ होगा। हालांकि, धमाके और आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन
ट्रक और हजारों टायर जलकर राख
आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। ट्रक पर लदे हजारों टायर भी आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा फैक्ट्री में रखे अन्य टायरों को भी नुकसान पहुंचा है। आग के कारण लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है।
विज्ञापन
हादसे में जिला लखीमपुर, उत्तर प्रदेश निवासी महेश और एक ट्रक चालक झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर मौजूद होने की जानकारी सामने आई है।
पुराने टायरों से तेल निकालने का होता है काम
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में पुराने टायरों से तेल निकालने का काम किया जाता है। यह इकाई काफी समय से संचालित हो रही है। शुक्रवार सुबह आग लगने के बाद परिसर में रखे टायरों के कारण आग तेजी से फैल गई। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।