यमुनानगर। भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए शुरू की गई अग्निपथ योजना के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसानों ने दो घंटे मिल्क माजरा प्लाजा को टोल फ्री करवाया। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि सरकार इस फैसले को वापस ले। चार साल की नौकरी देश के युवाओं व भारतीय सेना के साथ खिलवाड़ करने जैसा है। इस दौरान टोल बैरियर पर दो डीएसपी सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि जब किसान दोपहर का खाना खाने के लिए धरना स्थल से उठ गए तो प्रशासन ने टोल बैरियर चलवा दिया लेकिन जैसे ही किसानों को पता चला, तुरंत फ्री करवा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई पर किसानों ने रोष व्यक्त किया। करीब दो घंटे टोल फ्री रहा।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संजु गुंदियाना, डायरेक्टर मंदीप सिंह रोडछप्पर, जिला युवाध्यक्ष संदीप टोपरा, गुरवीर सिंह तलाकौर, कृष्णपाल सुढ़ल व रामजी लाल सहित बड़ी संख्या में किसान टोल बैरियर पर पहुंचे। करीब पौने बारह बजे किसानों ने टोल फ्री करवा दिया। बूथों पर बैठे सभी कर्मचारी बाहर आ गए। टोल बैरियर से वाहन बिना टैक्स दिए गुजरने लगे और किसान दरियां बिछाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और योजना को वापस लिए जाने की मांग की है। 15 मिनट बाद बीडीपीओ सरस्वतीनगर किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने टोल चालू करवाने की बात कही लेकिन किसान नहीं माने। धरने पर ही डटे रहे। बाद में डीएसपी सुभाष चंद, डीएसपी प्रमोद कुमार व बीडीपीओ जगाधरी दोबारा किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने अन्य टोल बैरियर का हवाला देते हुए धरना समाप्त करने की बात कही लेकिन किसान नहीं माने। किसान इसी बात पर अड़े रहे कि धरना तीन बजे ही समाप्त होगा। कुछ समय बाद किसान दोपहर का खाना खाने के लिए चले गए। मौके का फायदा उठाकर प्रशासनिक अधिकारियों ने टोल बैरियर चालू करवा दिया। किसानों ने इस कार्रवाई का विरोध किया और दोबारा टोल फ्री करवाया। किसानों ने तीन की बजाय दो बजे ही टोल चालू करवा दिया।