Yamunanagar: लोहे की रॉड से वार कर व्यक्ति की हत्या, पहले फोन कर घर से बुलाया, बाजू और टांगें तोड़ीं
मृतक के छोटे भाई गोमती मोहल्ला निवासी मनजीत सिंह ने बताया कि उसके भाई की किसी से रंजिश नहीं थी। वह साधारण जीवन बिता रहा था। आज भी वह कीपैड वाला मोबाइल रखता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यमुनानगर के जगाधरी में होंडेवाला गांव के पास महाशक्ति कॉलोनी में एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने लोहे की रॉड से वार कर 37 वर्षीय जसपाल सिंह की हत्या कर दी। वह जगाधरी गोमती मोहल्ला का रहने वाला था। आरोपियों ने रॉड से जसपाल की टांगें व बाजुओं को तोड़ दिया। उसके सिर व कमर पर भी चोट के निशान हैं।
आरोपी जसपाल को अधमरा कर फरार हो गए। उसे ई-रिक्शा चालक ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घाेषित कर दिया। सूचना पर डीएसपी राजेश कुमार, थाना शहर जगाधरी एसएचओ जनक राज व सीआईए ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। हत्या क्यों की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। इस हमले में जसपाल के साले अनु को भी चोट लगी है।
जब उनके पास फोन आया तो वह कल्याण नगर में किसी काम से गए थे। वह और जीजा महाशक्ति कॉलोनी पहुंच गए, तभी तीन युवकों ने लोहे की रॉड से जसपाल पर हमला कर दिया। वह बीच-बचाव करने लगा तो हमलावरों ने उसे भी मारा व धमकी दी। अनु ने बताया कि उसने शोर मचाया मगर कोई मदद के लिए बाहर नहीं आया।
जसपाल की टांगें व बाजू टूट चुकी थी। शरीर से जगह-जगह से खून बह रहा था। इसके बाद उसे मृत समझ हमलावर बिना नंबर की बाइक पर फरार हो गए।मृतक की मां परमजीत कौर व बहन जसमीत का रो-रो कर बुरा हाल था। बहन खुद को संभाल न सकी और जमीन पर गिर कर बेहोश हो गई। वारदात स्थल के पास एक घर के बाहर सीसीटीवी लगा मिला, लेकिन तब परिवार वहां ताला लगाकर कहीं गया था। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी उन्हें मकान मालिक का नंबर नहीं मिला।
भाई बोला, किसी से नहीं थी रंजिशमृतक के छोटे भाई गोमती मोहल्ला निवासी मनजीत सिंह ने बताया कि उसके भाई की किसी से रंजिश नहीं थी। वह साधारण जीवन बिता रहा था। आज भी वह कीपैड वाला मोबाइल रखता था। वारदात के बाद वह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो उसी दौरान हमलावर एक बार मौके पर देखने आए थे। जब अनु ने उन्हें पहचान लिया तो वह उनके पीछे भागे लेकिन फरार हो गए।
डीएसपी राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। प्रारंभिक जांच में यही पता चला है कि किसी ने उसे फोन करके बुलाया था। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जल्द हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।