दो सड़क हादसों में दो की मौत
यमुनानगर। दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। बाडी माजरा की रूप नगर कॉलोनी निवासी विकास तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता जितेंद्र तिवारी नाहरपुर की जय दयाल प्लाइबोर्ड फैक्ट्री में काम करते थे। शनिवार रात उसके पिता साइकिल पर फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। जब वे बाईपास को पार करके घर की तरफ आ रहे थे तो एक ट्रक ने उसके पिता को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, बिलासपुर के आंबवाला गांव निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने जानकार बिलासपुर निवासी सतपाल के साथ बाइक पर चौराही रोड से जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।