पंचकूला। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को दूसरा ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन ऑन व्हील अभियान चलाया जाएगा। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में आयोजित इस अभियान का जिले के ज्यादा से ज्यादा नागरिक लाभ उठाएं। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि दूसरा ड्राइव वैक्सीनेशन ऑन व्हील अभियान सुबह 8 से शाम 5 बजे तक चलाया जाएगा। इसमें 18 वर्ष से ऊपर की सभी आयु का टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे टीकाकरण करवाने के लिए नाश्ता करके आएं। खाली पेट वाले नागरिकों का टीकाकरण नहीं किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य टीम में डॉ. विकास, डॉ. अनुज, डॉ. भावना एवं डॉ. संजू ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन अभियान में स्थल पर वेरिफिकेशन एवं वैक्सीनेशन सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद लोगों का सुपरविजन किया जाएगा। इसके अलावा एसीपी रमेश गुलिया यातायात को नियंत्रण करने के अलावा प्रवेश एवं बाहरी द्वार पर भी आवागमन सुनिश्चित करेंगे। एसीपी की टीम प्रवेश द्वार पर वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण की जांच करेंगे और यदि किसी का पंजीकरण नहीं हुआ होगा तो पहले उन्हें पंजीकरण के लिए परामर्श देंगे और पंजीकरण के बाद ही उनके वाहन को जाने की अनुमति देंगे। एनआरई के पीओ राजेन्द्र सिंह इस अभियान के नोडल आफिसर होंगे जो विभागों के साथ तालमेल का कार्य करेंगे।