Panchkula: काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित होगा माता मनसा देवी मंदिर, पहले चरण का काम शुरू
पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है। 200 साल से भी अधिक पुराने इस मंदिर के शक्ति द्वार से मुख्य मंदिर तक शक्ति कॉरिडोर बनाया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचकूला के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री माता मनसा देवी मंदिर को काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इसके पहले चरण का काम हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ के असिस्टेंट प्रोफेसर की शिकायत: T-Series के मालिक भूषण कुमार को नोटिस, हनी सिंह से जुड़ा मामला
शक्ति द्वार से मुख्य मंदिर तक शक्ति कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इस मार्ग का नाम शक्ति पथ रखा जाएगा। इनमें उपासना स्थल और वीआईपी प्रवेश के लिए सीढि़यां व राउंड अबाउट के काम भी शामिल हैं। यह स्थल 110 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा बनेगा। स्थल के दोनों तरफ श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच भी लगाए जाएंगे। साथ ही 6 मीटर लंबी सीढि़यों में दोनों तरफ चार-चार मीटर की दो लिफ्ट लगाने का प्रावधान भी है। इसके बाद राउंड अबाउट का काम शुरू होगा। पहले चरण पर करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका काम तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
हनुमान जी की 108 फुट ऊंची मूर्ति बनाई जाएगी
एचएसवीपी के इंजीनियरिंग विंग ने पहले चरण के साथ साथ दूसरे चरण का भी काम शुरू कर दिया है। कंसलटेंट के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंसलटेंट हायर होते ही दूसरे चरण में हनुमान वाटिका का काम शुरू करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। प्रोजेक्ट के अनुसार श्राइन स्थल पर हनुमान जी की 108 फुट ऊंची मूर्ति (बैठी हुई मुद्रा में) बनाई जाएगी। यह मूर्ति इतनी विशाल होगी कि एक किलोमीटर दूर से भी आसानी से दर्शन किए जा सकेंगे। हनुमान वाटिका में पेड़-पौधों के अलावा फव्वारे लगाए जाएंगे। लाइटिंग का प्रबंध होगा ताकि यहां आने वाले लोगों को सुकुन मिल सके। इस प्रोजेक्ट पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
200 साल से भी अधिक पुराने मंदिर के गुंबद अब नागर शैली में बनाने की योजना
200 साल से भी अधिक पुराने मंदिर के गुंबद अब नागर शैली में बनाने की योजना है। वहीं हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए इस स्थल के एक हिस्से को व्यावसायिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां अलग से शॉपिंग कांप्लेक्स बनाया जाएगा। यहां बस स्टॉप का भी निर्माण किया जाएगा। वाहनों और पैदल चलने वालों के लिए अलग रास्ते का निर्माण भी शामिल है। ओपन एयर थिएटर में लगभग 500 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। दर्शनार्थियों के लिए ओपन एयर थिएटर में लेजर शो शुरू करने का भी प्रस्ताव है। यह काम तीसरे चरण में होगा।
साढ़े पांच करोड़ की लागत से श्री माता मनसा देवी मंदिर को काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने के लिए पहले चरण का काम शुरू कर दिया गया है। इस काम को तीन माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। -एनके पायल, एक्सईएन एचएसवीपी पंचकूला