सतीश को सताने लगा था ये डर: पत्नी की प्रताड़ना से तंग पति फंदे पर झूला, पुलिस वाले से है 'घरवाली' का चक्कर
वंदना के दिल्ली में कार्यरत सब इंस्पेक्टर संदीप से अवैध संबंध चल रहे हैं, जिसके चलते वह सतीश के साथ नहीं रहना चाहती थी।
विस्तार
पत्नी, उसके प्रेमी व परिजनों की प्रताड़ना से परेशान व्यक्ति ने हरियाणा के पलवल स्थित गांव अटोहां में पेड़ से फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। व्यक्ति की पहचान यूपी के कानपुर निवासी सतीश के रूप में हुई है। पिता ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी व अन्य ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया है।
अभी नहीं हुई किसी की गिरफ्तारी
आरोपियों ने पहले भी उसके बेटे को ज्यादा मात्रा में नशीला पदार्थ खिला जान से मारने का प्रयास किया था और उसके बेटे पर दहेज उत्पीड़न सहित दो मुकदमे भी दर्ज कराए हुए हैं। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर 9 नामजद सहित 10 के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सतीश पर दर्ज करा रखा था दहेज उत्पीड़न का केस
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर छत्रपाल के अनुसार, यूपी के कानपुर स्थित आशा नगर निवासी नयन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके बेटे सतीश की शादी वंदना कुशवाह के साथ हुई थी। शादी के बाद उनका एक बेटा भी है। सतीश दोना-पत्तल की वर्कशॉप चलाता था। सतीश की पत्नी वंदना लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रही थी। वंदना ने उनके खिलाफ कानपुर में दहेज उत्पीड़न का झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया हुआ है।
पुलिस वाले से हैं वंदना के अवैध संबंध
आरोप है कि वंदना के दिल्ली में कार्यरत सब इंस्पेक्टर संदीप से अवैध संबंध चल रहे हैं, जिसके चलते वह सतीश के साथ नहीं रहना चाहती थी। इसी के चलते वंदना, उसका प्रेमी संदीप, पिता प्रकाश, माता ज्ञानवती, भाई कुलदीप व संदीप, जीजा नीरज, बहन अर्चना, मामा कामता व नाना सतीश को प्रताड़ित करते थे और बार-बार उससे रुपये मंगवाते थे।
पत्नी ने होटल में बुलाकर दिया सतीश को नशीला पदार्थ
वंदना सतीश पर कानपुर वाले प्लॉट को अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी। बीती 25 अगस्त को वंदना सतीश को समझौता करने के बहाने से दिल्ली ले गई। दिल्ली के मयूर होटल में वंदना ने सतीश को खाने में अधिक मात्रा में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। वंदना व उसके परिजन सतीश को मरा हुआ समझकर मौके से चले गए। सतीश को होश आने पर उसने उन्हें आपबीती बताई। उन्हें पता चला कि वंदना ने दिल्ली के आदर्श नगर थाने में सतीश के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज करा दिया, जिससे वे अपना मुकदमा दर्ज नहीं करा पाए।
पुलिस ने फोन पर दी सतीश की मौत की खबर
शिकायत में कहा गया कि वंदना व उसके परिजनों की प्रताड़ना से सतीश काफी परेशान रहने लगा। शुक्रवार को उनके पास पलवल पुलिस का फोन आया कि उन्हें सतीश का शव मिला है। वे तुरंत पलवल पहुंचे तो पता चला कि सतीश का शव गांव अटोहां स्थित एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला था। आरोप है कि वंदना, उसके प्रेमी व परिजनों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसके बेटे ने आत्महत्या की है।
सीआरपीएफ हवलदार है वंदना
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार दोपहर को जिला नागरिक अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी वंदना सीआरपीएफ में बतौर हवलदार कार्यरत है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।