पलवल। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल सहित शहर की 22 एसोसिएशनों ने शुक्रवार को जीएसटी बढ़ाए जाने के विरोध में धरना दिया। मीनार गेट मुख्य बाजार में दिए गए धरने में व्यापारियों ने काली पट्टी बांधकर व हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर विरोध जताया। धरने में केंद्र सरकार द्वारा एक जनवरी से रेडीमेड कपडे़ व फुटवियर पर जीएसटी पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने के फैसले की कड़े शब्दों में निंदा की गई और सरकार को चेताया गया कि यदि सरकार ने यह फैसला वापस नहीं लिया तो सरकार के खिलाफ व्यापारी सड़कों पर उतरेंगे और बाजार भी बंद किए जाएंगे। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण गर्ग व जिला प्रधान बलराम गुप्ता ने कहा कि सरकार का यह फैसला व्यापारियों के हितों पर कुठाराघात है। इस फैसले से ग्राहक पर भी सीधा असर पड़ेगा और महंगाई भी बढ़ेगी। सरकार के इस जनविरोधी फैसले से व्यापारी वर्ग पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा। सरकार इस फैसले को तुरंत प्रभाव से वापस ले। व्यापारियों को उम्मीद थी कि सरकार नए साल में सरकार व्यापारियों को कोई न कोई राहत प्रदान करेगी, परंतु सरकार ने व्यापारियों पर टैक्स बढ़ाकर अतिरिक्त बोझ डालने का काम किया है। कपड़ा व्यापार संघ के नेता मनोज गोयल ने कहा कि पहली बार कपड़े पर इतना टैक्स लगा है, इससे व्यापार पर काफी ज्यादा असर पडे़गा। उन्होंने कहा कि कपड़ा पर जीएसटी बढ़ाना आम जनता की कमर तोड़ने का काम करेगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल की पलवल इकाई के अध्यक्ष विनोद जैन, महासचिव यशपाल गोयल, सर्राफा एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र जैन, कपड़ा व्यापार संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, जरनल मर्चेंट एसोसिएशन प्रधान अनिल डोडा, रेडीमेड एसोसिएशन के प्रधान नीरज मंगला, विक्रेता संघ के प्रधान सदीप जुनेजा, मेन मार्किट के प्रधान प्रमोद वर्मा, मशीनरी एसोसिएशन के प्रधान ओमप्रकाश गर्ग, इलेक्ट्रिक एसोसिएशन के अश्विनी गंभीर, गुलशन आहुजा, प्रशांत जाखड, दिनेश वर्मा, देवेंद्र गोयल, सतीश सिंगला, पीयूष दिलवाली, अशोक जुनेजा, मास्टर ओमप्रकाश गर्ग, राकेश गोयल, ज्ञानचंद्र गोयल, सुरेश गुप्ता, राहुल गुप्ता मौजूद थे।