पलवल। गांव फिरोजपुर में नगर परिषद द्वारा बना कूड़ा निस्तारण केंद्र को हटवाने की मांग के संबंध में रविवार को पंचायत हुई। इस दौरान कूड़ा निस्तारण केंद्र के विरोध में आंदोलन की रणनीति बनाई गई। साथ ही निर्णय लिया कि शहर में सोमवार को हूडा चौक से लेकर नगर परिषद तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों का कहना था कि कूड़ा निस्तारण केंद्र से गांव में लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिल चुकेे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेेतावनी दी कि यदि निस्तारण केंद्र नहीं हटाया गया तो ग्रामीण इन्हें हटा देंगे। पंचायत की अध्यक्षता अमीर सिंह ने की और संचालन रामबीर सिंह ने किया।
पंचायत में बताया गया कि कूड़ा निस्तारण केंद्र में शहर का कूड़ा-कचरा डाला जाता है। इसकी बदबू घरों के अंदर तक जाती है। इस केंद्र के लिए ग्राम पंचायत से अनुमति भी नहीं ली गई है। इसके बावजूद यहां स्थापित कर दिया गया। लोगों ने बताया कि पिछले 20 दिन से ग्रामीण धरने पर बैठे हैं।नगर परिषद के अधिकारियों के अलावा विधायकों व केंद्रीय राज्यमंत्री से भी मिल चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। पंचायत में निर्णय लिया गया कि शहर में सोमवार को हूडा चौक से लेकर नगर परिषद तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उपायुक्त से भी मिलेंगे। इस अवसर पर रोहतांग सरपंच, खजान सिंह, बिजेंद्र राणा, राजेश शाहपुर, सूरज राणा, प्रेम सिंह सरपंच, निहाल सिंह, राजेश ठाकुर, राकेश पहलवान मौजूद थे।