एक साथ उठे तीन जनाजे: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बहनों की मौत, पांच से सात वर्ष थी सभी की उम्र
हरियाणा के पलवल स्थित होडल नेशनल हाईवे स्थित गांव सराय में पानी से भरे एक गड्ढे में नहाते समय तीन मासूम लड़कियों की डूबने से मौत हो गई।
विस्तार
हरियाणा के पलवल स्थित होडल नेशनल हाईवे स्थित गांव सराय में पानी से भरे एक गड्ढे में नहाते समय तीन मासूम लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृत बच्चियां आपस में चचेरी बहनें थीं और खेत में बने एक पानी से भरे गड्ढे में नहाते समय डूब गईं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
ईंट भट्टा वालों ने किया था गड्ढा
जानकारी के अनुसार, खेत में पहले ईंट भट्ठा चलाने के लिए मिट्टी निकाली गई थी, जिससे वहां एक गहरा गड्ढा बन गया था। हाल की बारिश के चलते उसमें पानी भर गया था। बच्चियों के परिजन बकरी चराने के लिए खेतों की ओर गए हुए थे, उसी दौरान बच्चियां खेलने के लिए उसी गड्ढे के पास पहुंच गईं। नहाते समय तीनों पानी में डूब गईं।
5 से 7 वर्ष की थी तीनों
जब परिजन वापस लौटे तो बच्चियां मृत अवस्था में मिलीं। उन्हें तुरंत पलवल शहर के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मृत बच्चियों की पहचान अशफिया (6 वर्ष), अनिशफा (7 वर्ष) और शोफिया (5 वर्ष) के रूप में हुई है।
अनदेखी पर सवाल
यह हादसा केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही की कहानी भी बयां करता है। गांव वालों का कहना है कि इस तरह के गड्ढों को लेकर कोई जागरूकता नहीं फैलाई गई, न ही इन्हें भरने या सुरक्षित करने की कोई कोशिश की गई। अगर गड्ढे के आसपास चेतावनी बोर्ड या रेलिंग होती, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी जगहों को तुरंत चिह्नित कर सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस दर्द से न गुजरे।
आगे क्या?
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गड्ढे की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के खतरनाक गड्ढों को तुरंत भरा जाए और दोषी भट्ठा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह हादसा उन सभी परिवारों के लिए एक चेतावनी है, जो गांवों में रहते हैं और जहां इस तरह के गड्ढे आम हैं।