संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन विधानसभा क्षेत्र में 37 करोड़ रुपये की लागत से 17 नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने बताया कि सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही काम शुरू होगा। इन सड़कों का निर्माण हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड की ओर से कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। विधायक ने बताया कि प्रस्तावित सड़कों में खिल्लुका से मोहदमका, गुराक्सर से कौंडल, जराली से उटावड़, पावसर से रूपनगर नाटोली, पावसर से नांगल जाट वाया बहीन, खाइका से नांगल सभा, गुराक्सर से मालपुरी, भीमसीका से गुलेसरा और अंधरोला से मानपुर रोड शामिल हैं। इसके अलावा हुचपुरी से छांयसा, गुराक्सर से पचानका, बाबूपुर से रनसीका, कोट से जराली, ममोलाका से अहरवां, कोट से पहाड़ी, सापनकी से घरोट-बिचपुरी तथा उटावड़ से रूपडाका तक सड़कें बनाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि कोट गांव में बीएससी नर्सिंग कॉलेज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सैद्धांतिक सहमति दी है। संबंधित अधिकारियों को इसकी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक ने कहा कि उटावड़ में 66 केवी बिजलीघर के निर्माण कार्य में भी तेजी लाई गई है। इसके अलावा हथीन में महिला कॉलेज बनवाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है।