{"_id":"646d12716cc523f4b30b0226","slug":"from-today-cm-will-hold-public-dialogue-at-9-places-for-three-days-narnol-news-c-196-1-nnl1001-316-2023-05-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: आज से महेंद्रगढ़ में तीन दिन 9 जगहों पर जनसंवाद करेंगे सीएम, दक्षिण हरियाणा की राबड़ी का चखेंगे स्वाद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: आज से महेंद्रगढ़ में तीन दिन 9 जगहों पर जनसंवाद करेंगे सीएम, दक्षिण हरियाणा की राबड़ी का चखेंगे स्वाद
Wed, 24 May 2023 02:31 AM IST
रोहतक ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़/नारनौल (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, महेंद्रगढ़/नारनौल (हरियाणा)
Updated Wed, 24 May 2023 02:31 AM IST
सार
गर्मी के सीजन में दक्षिणी हरियाणा की सबसे फेवरेट डिश के रूप में जानी जाने वाली राबड़ी का स्वाद भी मेहमान चखेंगे। कुछ जगह पर ग्रामीणों द्वारा स्टेज पर परंपरागत शैली में टेंट की बजाए छप्पर भी बनाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
जनसंवाद कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेती उपायुक्त मोनिका गुप्ता।
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का तीन दिवसीय जन संवाद कार्यक्रम 24 मई यानी बुधवार से शुरू हो रहा है। इन तीन दिन में सीएम मनोहरलाल 9 जगहों पर लोगों से रूबरू होंगे। सीएम के जनसंवाद कार्यक्रम में परंपरागत व ग्रामीण परिवेश की झलक देखने को मिलेगी। खान-पान से लेकर सारी व्यवस्थाएं पूरी तरह पारंपरिक होंगी।
विज्ञापन
ठेठ हरियाणवी अंदाज में मुख्यमंत्री का ग्रामीणों द्वारा पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया जाएगा। जिले में जिन जगहों पर सीएम के कार्यक्रम होंगे, वहां मुख्यमंत्री सहित तमाम मेहमानों के लिए स्टेज पर सोफे व कुर्सियों के बजाए परंपरागत मूढों की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
गर्मी के सीजन में दक्षिणी हरियाणा की सबसे फेवरेट डिश के रूप में जानी जाने वाली राबड़ी का स्वाद भी मेहमान चखेंगे। कुछ जगह पर ग्रामीणों द्वारा स्टेज पर परंपरागत शैली में टेंट की बजाए छप्पर भी बनाए जा रहे हैं। वहीं मुख्य स्टेज को गाय के गोबर तथा मिट्टी के लेप से सजाया गया है। पेयजल के लिए हर जगह पर पानी के मटके रखवाए जाएंगे।
विज्ञापन
इसके अलावा संबंधित उस दिन जिन बच्चों का जन्मदिन है उनका जन्मदिन भी मुख्यमंत्री मौके पर स्टेज पर ही उन बच्चों के साथ मनाएंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन ने गांव के सरपंच व बीडीपीओ से सूची लेकर बच्चों को सूचित भी कर दिया है।
मुख्यमंत्री दौरे के दौरान यूएवी के प्रयोग पर रहेगी रोक, रेड जोन घोषित
जिलाधीश मोनिका गुप्ता ने एक आदेश पारित कर 24 से 26 मई तक मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दौरे के दौरान 3 किलोमीटर के दायरे में किसी भी यूएवी((अनमैंड एरियल व्हीकल)) के उड़ने पर धारा 144 लागू कर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। जिलाधीश ने आदेशों में स्पष्ट किया है कि 24 से 26 मई तक मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दौरे के दौरान लैंडिंग व टेकऑफ के समय मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) जैसे ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट, फ्लाइंग कैमरा पर प्रतिबंध रहेगा।
कृष्ण नगर, बलाह कलां, गोद, निजामपुर, मुसनौता, नांगल चौधरी, ढाणी बाठोठा, मंडलाना, सिहमा, दौंगड़ा अहीर, नांगल सिरोही, बवानियां व सतनाली क्षेत्रों को अस्थाई रेड जोन घोषित किया है। यह आदेश ड्यूटी पर तैनात पुलिस और लोक सेवकों पर लागू नहीं होगा। विशेष रूप से भारत संघ की हरियाणा पुलिस, सेना या वायु सेना से संबंधित मानव रहित विमान प्रणालियों पर लागू नहीं होगा। पुलिस अधीक्षक आदेशों का पालना करवाएंगे। इन आदेशों के किसी भी उल्लंघन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा।
पुलिस का कड़ा प्रबंध, जांच के बाद ही होगी एंट्री
सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन की तरफ से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मेटल डिटेक्टर के अलावा पुलिस कार्यक्रम में आने वालों की जांच कर अंदर जाने देगी। दूसरे जिलों में हुए जन संवाद कार्यक्रम में विरोध को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल में आने वालों की पूरी जांच कर ही अंदर जाने दिया जाएगा। साथ ही काले कपड़े पहनने वालों पर नजर रहेगी। कार्यक्रमों में काले कपड़े पहनकर जाना वर्जित किया गया है। सीएम के दौरे को लेकर पिछले एक सप्ताह से प्रशासन तैयारी में जुटा था। तीन दिन तक होने वाले इस कार्यक्रम के खत्म होने तक प्रशासन की सांसें फूली रहेंगी कि कहीं कोई कमी न रह जाए।
ये रहेगा सीएम का शेड्यूल
मुख्यमंत्री 24 से 26 मई तक 3 विधानसभा क्षेत्रों के 9 गांवों में जन संवाद कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। 24 मई को नांगल चौधरी विधानसभा के गांव बलाह कलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, निजामपुर में व्यायामशाला में व गांव मौसनुता के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे। इसी प्रकार 25 मई को नारनौल विधानसभा के गांव ढाणी बाठोठा के ज्ञान केंद्र, मंडलाना के ज्ञान केंद्र में व गांव सीहमा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि 26 मई को महेंद्रगढ़ विधानसभा के गांव नांगल सिरोही के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, बवानियां में खेल का मैदान नजदीक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व सतनाली के सामुदायिक केंद्र में जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे।