फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Leaders expressed grief over Bhiwani mining accident

भिवानी खनन हादसा: नेताओं ने जताया दुख, विपक्ष ने ठहराया सरकार को जिम्मेदार, खनन मंत्री बोले- दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई 

Sat, 01 Jan 2022 05:55 PM IST
भूपेंद्र सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरियाणा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरियाणा Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Sat, 01 Jan 2022 05:55 PM IST
सार

नव वर्ष के आगमन के साथ ही सुबह हरियाणा के भिवानी से डाडम पहाड़ी में बड़े हादसे की खबर आई। घटना करीबन पौने 9 बजे की बताई जा रही है। इसमें अभी तक चार लोगों की मौत हो चुकी है।

विज्ञापन
Leaders expressed grief over Bhiwani mining accident
भिवानी में खनन के दौरान हुआ बड़ा हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

भिवानी के डाडम माइनिंग जोन में हुए भयानक हादसे को लेकर विपक्षी दलों ने जहां मृतकों के लिए शोक संवेदनाएं जारी की हैं, वहीं अवैध खनन को लेकर सरकार पर हमला बोला है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में अवैध खनन चल रहा है। न तो यहां पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं और न ही विभाग द्वारा कोई जांच की जाती है। इस पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।  उधर, हरियाणा के खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। शर्मा का कहना है कि इस मामले में जो भी दोषी होगा उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। 

विज्ञापन


मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने डाडम मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। हुड्डा ने कहा कि क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर अवैध खनन किया जा रहा है। यह अपने आप में हजारों करोड़ों रुपए का घोटाला है और इसकी निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। कोर्ट भी माइनिंग पर गंभीर टिप्पणी कर चुकी है, लेकिन सरकार पर इसका कोई असर नहीं है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि अगर सरकार का संरक्षण नहीं है तो फिर जांच से क्यों भाग रही है सरकार। 

विज्ञापन

कराएंगे जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई : मूलचंद शर्मा 

इस मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी इसके लिए दोषी होगा, उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। हमारी प्राथमिकता सबसे पहले मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने की है। इसके लिए प्रदेश सरकार तमाम प्रयास कर रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

विधानसभा में कई बार उठाया मुद्दा, पर दबा दिया : किरण चौधरी

पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने तौशाम के डाडम में हुए हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि खनन का मामला कई बार विधानसभा में उठाया है, लेकिन सरकार ने इसे अनदेखा कर दिया। इस लापरवाही के पीछे खनन माफिया जिम्मेदार है, उनके खिलाफ सख्त एक्शन होना चाहिए।

लूट में किस किसका हिस्सा और मौत का जिम्मेदार कौन : सुरजेवाला

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने डाडम मामले को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। सुरजेवाला ने पूछा है कि आखिकार कौन सफेदपोश है जो खानों को लूट रहा है और कौन कौैन इस धंधे में हिस्सेदार हैं। और इन मौतों के लिए जिम्मेदार कौन लोग हैं। सुरजेवाला ने इसे एक रैकेट करार देते हुए कहा आखिर रोक के बावजूद खनन कैसे जारी है। 

विस्तृत जांच होनी चाहिए : कूंडू

भिवानी के डाडम माइनिंग जोन में हुए हादसे पर मृतकों के परिवारजनों को शोक संवेदनाएं। हादसे की विस्तृत जांच होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही जितना जल्दी हो सके घायलों को बाहर निकालकर सरकार उनका बेहतर इलाज कराए।-विधायक, बलराज कुंडू, महम।

क्या है माइंस सेफ्टी का नियम

माइंस सेफ्टी के नियम के तहत विभाग के अधिकारी समय-समय पर सुरक्षा मानकों के संबंध में खनन पट्टों का निरीक्षण करते हैं। इसमें कमी पाए जाने पर खान अधिनियम 1961 माइनिंग रूल 1955 के सेक्सन 22ए-1 के तहत नोटिस करते हैं। तीन माह के अंदर इसमें सुधार नहीं होने पर माइनिंग रूल 1955 के सेक्सन 22ए-3 के तहत वहां खनन कार्य बंद करने का आदेश निर्गत किया जाता है। वैसे नियमानुसार जिला खनन कार्यालय से किसी भी तरह का माइनिंग लीज स्वीकृत होने के बाद नियमानुसार निदेशक माइंस सेफ्टी को इसकी सूचना दी जाती है। वहीं लीजधारी के द्वारा भी लीज ग्रांट होने से संबंधित किसी तरह की सूचना नहीं दी जाती है। विभाग की ठेकेदारों से मिलीभगत के चलते ही खनन क्षेत्रों में लापरवाही बरती जाती है।

डाडम हादसे पर सियासत गरमाई, विपक्ष ने मांगी उच्च स्तरीय जांच

भिवानी के डाडम खनन क्षेत्र में पहाड़ दरकने से हुए हादसे पर सियायत तेज हो गई है। विपक्ष ने इस पर गहरा दुख जताते हुए हादसे के लिए गठबंधन सरकार को जिम्मेदार ठहराकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि यह घटना मन को व्यथित करने वाली है। इससे वह आहत हैं। इसकी जिम्मेदार सरकार है। नए साल पर यह दुर्घटना बेहद दुखदायी है। जिन्होंने भी अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। सरकार की लापरवाही के कारण कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी और कई लोग घायल हुए हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि वे इस दुखद घड़ी में प्रशासन की हरसंभव मदद करें। शीघ्र इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजा दिया जाए।
इनेलो विधायक अभय चौटाला ने कहा कि मृतकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। इन सभी के परिजनों को ईश्वर संबल प्रदान करें। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति अतिशीघ्र स्वस्थ हों। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। पीड़ित परिवारों को सरकार उचित मुआवजा दे।

सीएम ने ट्वीट कर जताया दुख

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया। सीएम ने कहा कि भिवानी में डाडम खनन क्षेत्र में हुए हादसे से वे दुखी हैं। वे त्वरित बचाव अभियान और घायलों को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आर्मी की टीम बुलाई

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा के भिवानी जिले में माइनिंग साइट पर जो हादसा हुआ है उससे मैं बहुत दुखी हूं । प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है । गाजियाबाद से एनडीआरएफ, मधुबन से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। हिसार से आर्मी की एक यूनिट बुलाई गई है । अभी तक 4 लोगों की मृत्यु हुई है।

अशोक तंवर ने जताया दुख

टीएमसी नेता व सिरसा से पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि भिवानी के डाडम में पहाड़ खिसकने से खनन क्षेत्र में हुआ हादसा बेहद दुखद है। मैं ईश्वर से हादसे के शिकार हुए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं। सरकार से अपील की कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाकर ज्यादा से ज्यादा जिंदगियों को बचाए।

दीपेंद्र हुड्डा ने उठाए सवाल

दीपेंद्र हुड्डा ने सवाल किया कि भिवानी खनन हादसे में आज मारे गए लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन है? उन्होंने कहा कि अवैध खनन के तार ऊपर तक जुड़े होने व सारे नियम कानून तोड़ कर खनन की बात आ रही है। मृतकों के परिजनों को अधिकाधिक मुआवजे देने के साथ, आपराधिक मामला दर्ज हो और जांच हाईकोर्ट य सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए।

स्थानीय कार्यकर्ताओं से प्रशासन के सहयोग की अपील

कांग्रेस से राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रशासन के सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि डाडम, भिवानी क्षेत्र में खनन हादसे में कई लोगों की दुखद मृत्यु और कई के घायल और अभी भी फंसे होने की खबर अत्यंत चिंताजनक है। सरकार व स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को युद्ध स्तर पर राहत पहुंचाए। स्थानीय कार्यकर्ताओं से आग्रह हैं कि राहत कार्यों में प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

भाजपा सांसद ने जताई अवैध खनन की आशंका 

सांसद धर्मबीर सिंह ने अवैध खनन की आशंका जताई है। घटना की सूचना के बाद सांसद घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे पर शोक प्रकट किया और मौके से ही वीडियो जारी कर कहा कि हम इसकी जांच करवाएंगे। उन्होंने कहा कि लगता है कि इसमें बड़े लोग मिले हुए हैं। कुछ लोगों ने हकीकत को छिपाने का प्रयास किया है। पहले पता लग जाता तो शायद यह हादसा न होता। उन्होंने कहा कि सीएम से इसकी जांच की बात की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed