कुरुक्षेत्र। राजकीय स्कूलों के 1884 होनहारों को वृहस्पतिवार को टैबलेट वितरित किए गए। टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल गए। विद्यार्थी इसके जरिए अब घर बैठे ज्ञान अर्जित कर सकेंगे और देश दुनिया में घट रही घटनाओं से भी परिचित होंगे। यह टैबलेट थानेसर, लाडवा, बाबैन, पिहोवा व शाहाबाद के राजकीय स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर 10वीं व 12वीं के 1884 विद्यार्थियों को दिए गए। इससे शिक्षा के क्षेत्र में एक नया बदलाव आएगा।
टैबलेट से बच्चों के बस्तों का बोझ भी कम होगा और घर बैठे ऑनलाइन प्रणाली से शिक्षा ग्रहण करने में सक्षम होंगे। थानेसर में 596, लाडवा में 408, बाबैन में 211, शाहाबाद में 411 व पिहोवा में 258 टैबलेट वितरित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल रोहतक से ऑनलाइन प्रणाली से जुड़े। इस टैबलेट की फीडबैक पोस्ट कार्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री तक भेजी जाएगी। राजकीय कन्या वरिष्ठ विद्यालय पिहोवा में आयोजित कार्यक्रम में खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को टैबलेट मिलने से बस्तों का बोझ कम होगा। थानेसर के राजकीय संस्कृत मॉडल विद्यालय द्वितीय गेट में सांसद नायब सिंह सैनी, शाहाबाद राजकीय वरिष्ठ विद्यालय में शुगर फेड के चेयरमैन एवं विधायक रामकरण काला, लाडवा राजकीय विद्यालय में एसडीएम विनेश कुमार, बाबैन के गांव मंगोली जाटान राजकीय स्कूल में पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने बच्चों को टैबलेट प्रदान किए।