{"_id":"64527591a2a1c051b50a87c3","slug":"people-are-happy-with-the-schemes-of-state-and-central-government-said-haryana-cm-2023-05-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: CM ने कहा- प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं से जनता खुश, आई शिकायतों का अगले एक माह में करेंगे निवारण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: CM ने कहा- प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं से जनता खुश, आई शिकायतों का अगले एक माह में करेंगे निवारण
Wed, 03 May 2023 08:24 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Wed, 03 May 2023 08:24 PM IST
सार
सीएम ने कहा कि जनसंवाद के दौरान आई शिकायतों का अगले एक माह में निवारण करेंगे। तीन दिन के जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पत्रकारों से चर्चा की।
विज्ञापन
जनसंवाद कार्यक्रम में संबोधित करते सीएम मनोहर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
प्रदेश व केंद्र सरकार की ओर से लागू की गई योजनाओं से जनता बेहद खुश है। ई-टेंडरिंग सहित जिन योजनाओं का विरोध किया जा रहा था आज उनके भी फायदे संबंधित लोग खुद ही बता रहे हैं। सरकार की योजनाओं का पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचने लगा है। यह हकीकत लोगों के बीच पहुंचकर पता की है और अब लोगों की सामने आई परेशानियों को दूर करने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जाएगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ये विचार तीन दिन के जनसंवाद कार्यक्रम के अंतिम दिन कुरुक्षेत्र के गांव कराह साहब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान व्यक्त किए। इससे पहले उन्होंने ने तीसरे दिन गांव बारना, थाना व कराह साहब में जनसंवाद कार्यक्रम किए, जहां लोगों से सीधा संवाद किया तो उनकी समस्याएं भी सुनी।
विज्ञापन
पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उनके समक्ष सड़कें, बिजली, पानी, जोहड़, स्कूल से लेकर अन्य प्रकार की सैकड़ों समस्याएं हर कार्यक्रम के दौरान मिली है। इन सभी शिकायतों का अगले एक माह के दौरान निवारण कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
लोगों की मांग व इन शिकायतों का अध्ययन भी किया जाएगा, ताकि जरूरत अनुसार अगली योजनाओं को भी अमलीजामा पहनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कई जगहों पर खोले गए शराब के ठेकों को हटाने व बंद करने की मांग सामने आई है। अगले वर्ष के लिए ठेकों की निलामी से पहले लोगों से राय ली जाएगी और जहां के लोग ठेका नहीं चाहते, वहां नहीं खुलने दिया जाएगा।
मोदी, योगी और मैं.. किसके लिए करेंगे धन इक्कठा
गांव बारना जनसंवाद कार्यक्रम में उस समय हंसी का फव्वारा फूट पड़ा जब मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक लोग अपनी अगली पीढि़यों के लिए धन जुटाते हैं, लेकिन उन्हें सलाखों के पीछे भी जाना पड़ता है। प्रधानमंत्री मोदी हो या योगी वे किसके लिए धन जुटाने की लालसा रखेंगे और ऐसा ही मैं हूं।
जनसंवाद में घोषणा के अगले दिन शुरू हुई पिहोवा से करनाल बस सेवा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पिहोवा से करनाल जाने वाली बस को अपने जनसंवाद कार्यक्रम के अंतिम दिन कुरुक्षेत्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस पिहोवा से अभिमन्युपुर, अंजनथली होते हुए करनाल पहुंचेगी। एक दिन पहले मंगलवार को ही गांव अभिमन्युपुर में जनसंवाद में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अभिमन्युपुर गांव से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तथा करनाल तक बस चलाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने तुरंत रोडवेज महाप्रबंधक को रूट बनाकर बस के आवागमन के निर्देश दिए थे।
हर तीन माह में एक बार जरूर हो ग्राम सभा की बैठक
मुख्यमंत्री ने गांव बारना में संवाद करते हुए कहा कि सरपंच तीन महीने में एक बार ग्राम सभा की बैठक अवश्य करें। ग्राम पंचायतों द्वारा जो भी प्रस्ताव पारित करके भेजे जाएंगे, उन विकास कार्यों को हर हाल में पूरा करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सरपंचों की मांग पर गांव के ग्राम सचिवालय की रेनोवेशन के लिए जिला उपायुक्त को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से सरकार चलाना और विकास करवाना उनकी प्राथमिकता है। लोगों का जीवन सरल बने और इसके लिए लोगों को लाइनों में खड़ा न होना पड़े, इसके लिए व्यवस्था परिवर्तन के कई काम किए हैं।
.... संघर्ष के साथी 85 वर्षीय सूरजभान का स्वागत कर मंच पर बैठाया
मुख्यमंत्री मनोहर लाल गांव थाना जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे तो उन्होंने अपने संर्घष के साथी रहे गांव के ही 85 वर्षीय सूरजभान सिंगला को याद किया। लोगों ने बताया कि वे घर पर हैं तो मुख्यमंत्री ने मिलने की इच्छा जताई। कुछ देर बाद परिजन उसे लेकर पहुंचे तो मुख्यमंत्री ने गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। मंच पर राज्यमंत्री संदीप सिंह के बगल में बैठाया तो उनका हालचाल भी पूछा। उन्हें अपने घर पर भी बुलाया और कहा कि, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी है तो जरूर बताना।
अब थाना में आठ बसों का होगा स्टॉप
जनसंवाद के दौरान गांव थाना में मुख्यमंत्री ने एक बुजुर्ग महिला की मांग पर गांव में कुरुक्षेत्र, पिहोवा डिपो की आठ बसों का ठहराव कराए जाने व समय सारणी जारी करने के आदेश रोडवेज महाप्रबंधक को दिए।